अनोखा तीर, हरदा। जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत प्रत्येक मंगलवार को शासकीय कार्यालयों में नागरिकों की समस्याएं सुनी जाती है। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया व अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में उपस्थित नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर केसी परते सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे। जनसुनवाई में ग्राम खेड़ा निवासी गजराज ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिसोनिया को आवेदन देकर बताया कि उसे आवास की आवश्यकता है, उसका राशन कार्ड नहीं बना है, पट्टा भी नहीं है तथा शौचालय भी नहीं हैं, जिस पर श्री सिसोनिया ने जनपद पंचायत हरदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवेदक की समस्याओं का निराकरण कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम गहाल निवासी अंशुल गुर्जर ने रोजगार गारंटी के तहत किए कार्य का भुगतान न होने के संबंध में जिला पंचायत के सीईओ श्री सिसोनिया से शिकायत की, जिस पर श्री सिसोनिया ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को तत्काल मामले की जांच कर पात्रता अनुसार भुगतान करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम पड़वा निवासी बृजेश कनोजे ने आवास योजना का लाभ न मिलने के संबंध में शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया कि पोर्टल द्वारा आवेदक को अपात्र कर दिया गया था। अब ग्राम पंचायत द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के तहत आवेदक का आवेदन ले लिया गया है।

