शहर में व्याप्त अस्वच्छता से बुजुर्ग व बच्चे बेहाल : जोशी


अनोखा तीर, हरदा। शहर में लंबे समय से व्याप्त अस्वच्छता के कारण अब शहरवासियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की बात सामने आ रही है। स्थिति यह है कि जगह-जगह गंदगी का अंबार देख नागरिक मुखर होने लगे हैं। वहीं जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधियों पर सवाल दाग रहे हैं। इसी क्रम में शहर के जागरूक नागरिक अधिवक्ता शैलेन्द्र जोशी ने प्रेसनोट जारी कर आमजन की व्यथा पर प्रकाश डाला है। श्री जोशी ने कहा कि शहर की जन समस्याओं पर आवश्यक रुप से ध्यान देने की जरूरत है। क्योंकि, शहर के विभिन्न वार्डों में अलग-अलग प्रकार की जन समस्या देखने को मिल रही हैं। कहीं समुचित साफ सफाई का टोटा है तो कहीं निस्तार की नालियां चोक हो रही हैं। साथ ही खाली भूखंडों में गंदा पानी भरा हुआ है, जो मलेरिया व डेंगू जैसी घातक बीमारियों का संकेत है। श्री जोशी यहीं नही रूके, उन्होंनें कहा कि नलों में मटमैला पानी सेहद पर संकट के बादल से कम नही है। इन सबके अलावा नालियों समेत अन्य चिन्हित स्थलों पर पावडर का छिड़काव नगण्य है।  इन सब अव्यवस्थाओं के चलते बच्चें व बुजुर्गो पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। वे सर्दी-जुकाम, खांसी और दस्त से पीड़ित हैं। उन्होंनें यह भी कहा कि  शहर की जनता सभी प्रकार का टेक्स भरती है। बावजूद उन्हें समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। जो जिम्मेदारों की उदासीनता को दर्शाता है। श्री जोशी ने शहरवासियों के हितार्थ तमाम समस्याओं का समाधान कराए जाने की बात पर जोर दिया है।

101 Views

Leave a Reply