अनोखा तीर, हरदा। जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत प्रत्येक मंगलवार को शासकीय कार्यालयों में नागरिकों की समस्याएं सुनी जाती है। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया व अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में उपस्थित नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए इस दौरान संयुक्त कलेक्टर केसी परते सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे। जनसुनवाई में सिराली निवासी राधेश्याम ने अपर कलेक्टर डॉ. गौड़ा से घर के रास्ता रोकने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उन्होने तहसीलदार सिराली को प्रकरण की जांच कर समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में राकेश प्रजापति ने अपर कलेक्टर डॉ. गौड़ा को बताया कि उसके द्वारा विकासखण्ड स्तरीय अजा बालक छात्रावास में रसायन विषय का अध्यापन कार्य कराया गया था किन्तु उसे भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा बताया गया कि बजट आवंटन प्राप्त न होने के कारण भुगतान लंबित है, बजट प्राप्त होते ही भुगतान की कार्यवाही की जाएगी। जनसुनवाई में टिमरनी निवासी मिश्रीलाल पाटील ने वर्ष 2021 के खरीफ सोयाबीन की बीमा राशि अन्य किसानों की तुलना में कम प्राप्त होने के संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिसोनिया को आवेदन दिया, जिस पर उन्होने उपसंचालक कृषि को प्रकरण की जांच कर समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम झिरी निवासी वृद्धा श्रीमती कडवा कजले ने सीईओ श्री सिसोनिया को आवेदन देकर वृद्धावस्था पेंशन न प्राप्त होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया कि हितग्राही के समग्र आईडी में त्रुटि होने के कारण पोर्टल से हितग्राही की पेंशन बंद हो गई है। समग्र आईडी से केवायसी सुधार कर पेंशन पुन: चालू कर दी जाएगी।

