हरदा से कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा का आगाज, नेताओं ने भरी हुंकार, बोले….
अनोखा तीर, हरदा। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच दोनों प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस ने मैदान पकड़ लिया है। एक दिन पहले जहां भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा के जरिये सरकार की जनकल्याणाकरी योजनाएं गिनाई। वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इसी क्रम में कांग्रेस ने मंगलवार को जिला मुख्यालय से जनआक्रोश यात्रा का आगाज किया है। इस दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करने तथा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिये स्थानीय पार्टी नेताओं ने जमकर हुंकार भरी। शहर की नार्मदीय धर्मशाला के सामने आयोजित जनसभा में स्थानीय नेताओं ने भाजपा की कथनी और करनी में फर्क बताया गया। जनआक्रोश यात्रा के प्रभारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि भाजपा के लोग घोषणाएं करने में माहिर हैं। लेकिन उन्हें पूरा करने में पीछे रह जाते हैं। उन्होंनें कहा कि इस अंतर को समझने की जरूरत है। सहप्रभारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। उन्हें पार्टी के सम्मान में अपनी सक्रियता सुनिश्चित की तो सार्थक परिणाम तय हैं। पूर्व विधायक डॉ.आरके दोगने ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले कृषि मंत्री कमल पटेल अपेक्षाकृत विकास नही कर पाएं हैं। हाल में सरकारी मूंग खरीदी दौरान किसानों ने समस्याओं से दो-चार किया। खिरकिया में कॉलेज भवन की मांग अब तक अधर में है। वहीं कृषि प्रधान जिले में कृषि महाविद्यालय की आवश्यकता को नजरअंदाज किया गया। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना दमखम दिखाया है। गांव-गांव जाकर किसानों की व्यथा को सुना, समझा और उनके हितार्थ आवाज बुलंद की। पूर्व नपाध्यक्ष एवं पंचायती राज संगठन के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत टाले ने कहा कि कृषि मंत्री को क्षेत्र की जनता ने पर्याप्त अवसर प्रदान किया। परंतु वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा नही उतरे। जबकि कांग्रेस के पूर्व विधायक विष्णु राजौरिया का एक कार्यकाल उनकी तुलना में बेमिसाल साबित हुआ है। श्री टाले ने पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं की हौंसला अफजाई भी की। सभा को खिरकिया जनपद अध्यक्ष रानू दशरथ पटेल, आदिवासी कांग्रेस के प्रमुख रामू टेकाम, जिला प्रभारी अवधेश सिसौदिया, बद्री पटेल सांगवा, कांग्रेस नेत्री अवनि बंसल सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन कार्यकारी ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गगन अग्रवाल ने किया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम पटेल, पूर्व विधायक गिरजाशंकर शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाशचन्द्र वशिष्ठ, युवा नेता अभिजीत शाह, नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री अरूण जायसवाल, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष प्रमिला ठाकुर, किसान नेता केदार सिरोही, लखनसिंह मौर्य, डॉ.झवर , पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष उषा गोयल, आमिर पटेल, संजू गोयल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल जायसवाल, सेवादल जिलाध्यक्ष उत्तम तेनगुरिया सहित अन्य नेतागण व पार्टी पदाधिकारी मंच पर मौजूद थे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
प्रमुख मार्गो से गुजरी यात्रा
आमसभा के बाद जनआक्रोश यात्रा रैली के रूप में प्रमुख मार्गो से गुजरी। कार्यकर्ता दो एवं चारपहिया वाहनों पर सवार होकर आगे बढ़े। इस दौरान हाथों में पार्टी ध्वज थामे कार्यकर्ताओं ने खूब नारेबाजी भी की। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखा।
हरदा से टिमरनी पहुंची यात्रा
जानकारी के अनुसार मुख्यालय से प्रारंभ हुई कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा हरदा से टिमरनी पहुंची। जहां पहले मौजूद कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं की अगवानी की। तत्पश्चात टिमरनी में आयोजित सभा में नेताओं ने भाजपा को आड़े हाथों लिया।
यह भी हुआ….
– नेताओं ने बीच में भोजन वितरण बंद कराया
– सभा में पुरानी यादें व नेताओं का गुणगान हुआ
– नेता व पदाधिकारियों के नामों पर समय गंवाया
Views Today: 2
Total Views: 48