जनआक्रोश यात्रा की तैयारी…

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा की काट में कांग्रेस जनआक्रोश यात्रा निकालने की तैयारी में है। नर्मदापुरम संभाग व उसके आसपास की करीब 20 विधानसभाओं की जिम्मेदारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी को सौंपी है। जो 1400 किलोमीटर की यात्रा का नेतृत्व करेंगे। इसी क्रम में हरदा पहुंचे श्री पचौरी ने रविवार को पत्रकारों से चर्चा की। वहीं जनआक्रोश यात्रा का उद्देश्य व कांगेस की तैयारियों की जानकारी दी। उनके साथ बतौर सहप्रभारी उत्तरप्रदेश के झांसी से पूर्व सांसद प्रदीप जैन मौजूद थे। इस मौके पर श्री पचौरी ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता में व्याप्त असंतोष अब जनआक्रोश में तब्दील हो रहा है। उन्होंनें भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यहां केन्द्रीय योजनाओं की राशि का भारी दुरूपयोग किया गया है। मनरेगा की राशि का एक बड़ा हिस्सा अन्य मदों में खर्च हुआ है। उन्होंनें कहा कि ये आंकडा विभिन्न एजेंसी व मीडिया रिपोर्ट के आधार पर रखा है। यह भी कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के मामले में जमीनी हकीकत कुछ ओर है। वहीं दहेज उत्पीडन के मामले में प्रदेश तीसरे नंबर पर आता है, जो प्रदेश सरकार के तमम दावों की पोल खोलता है। इन सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। जिले में यह यात्रा 19 सितम्बर को निकालेंगे। इस दौरान यात्रा मार्ग में आने वाले गांव व कस्बों में वहां के स्थानीय मुद्दों को उठाएंगे। पत्रकारवार्ता में सहप्रभारी प्रदीन जैन ने कहा कि बीतें 9 साल में देश का कर्ज तेजी से बढ़ा है। इसके अलावा महंगाई, रोजगार और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार अपनी घोषणाओं को पूरा करने में असफल हुई है। जनता के बीच जाकर इन सब बातों को उजागर करेंगे। पत्रकारवार्ता में जिला प्रभारी अवधेश सिसौदिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम पटेल, पूर्व विधायक डॉ आरके दोगने, कांग्रेस नेत्री अवनि बंसल, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, पूर्व नपाध्यक्ष हेमंत टाले, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय शाह, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष प्रमिला ठाकुर, केदार सिरोही, राहुल जायसवाल, सेवादल अध्यक्ष उत्तम तेनगुरिया और अमर रोचलानी उपस्थित थे।

Views Today: 4

Total Views: 252

Leave a Reply

error: Content is protected !!