– जयपुर में भाजपा प्रभारी के समक्ष ली पार्टी की सदस्यता
अनोख तीर, हरदा। अखिल भारतीय हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरधीचंद शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की विधिवत सदस्यता ग्रहण की। राजस्थान के जयपुर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रभारी अरूण सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण और देश की अखंडता को लेकर जो कार्य किए जा रहे हैं, वह सराहनीय है। वहीं श्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाना, भव्य राम मंदिर का निर्माण होने तथा सामान्य वर्ग के लोगों को आर्थिक आधार पर 10 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने जैसे कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज का देश के गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश एवं राजस्थान में व्यापक प्रभाव है। राजस्थान की राजनीति में हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज हमेशा ही सक्रिय बना रहा है। यहां के लगभग 10 विधानसभा क्षेत्रों में समाज निर्णायक भूमिका रहती आई है। चुनावी वर्ष में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा राजनीतिक दल के समर्थन में आने और विधिवत सदस्यता ग्रहण करने से निश्चित ही भारतीय जनता पार्टी को राजस्थान सहित मध्यप्रदेश में भी इसका सीधा राजनीतिक लाभ मिल सकता है।



