अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से प्रदेश में अलग-अलग क्षेत्र में जन-आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं। इस क्रम में आगामी 17 सितंबर को प्रात: सीहोर जिले के छिपानेर से हरदा जिले की छोटी छिपानेर में यह यात्रा प्रवेश करेगी। यह जन आशीर्वाद यात्रा छिपानेर से भुवनखेड़ी, अबगांव होकर हरदा नगर में प्रवेश करेगी। यह विभिन्न मार्गो से गुजरकर महारानी लक्ष्मीबाई मिडिल स्कूल ग्राउंड पर पहुंचेगी जहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात यात्रा उड़ा, चारखेड़ा होकर टिमरनी पहुंचेगी। वहां भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की विशाल जनसभा होगी। जिले में इन जनसभाओं के साथ यात्रा के मार्ग में स्वागत सभाएं भी की जाएंगी। इसमें जिले की उप यात्राएं भी शामिल होंगी। पार्टी के इस आयोजन में जिले की जनता एवं भाजपा कार्यकर्ता मिलकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वागत करेंगे। प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भव्य स्वागत करने के निर्देश दिए।
यात्रा की तैयारी हेतु बैठक
इस यात्रा के स्वागत संबंध तैयारी हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला प्रभारी विकास वीरानी, जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा, जिला महामंत्री देवीसिंह सांखला ने संबोधित किया। इसमें कहा कि यात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पीले चावल से निमंत्रण देकर जनता जनार्दन को यात्रा का हिस्सा बनने के लिए प्रयास करेंगे। इस बैठक में यात्रा प्रभारी मनील शर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजू कमेडिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गहलोद, जगदीश सोलंकी, अशोक जैन, कैलाश डूडी सहित सभी जिला पदाधिकारी मोर्चा अध्यक्ष मंडल अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

