त्वरित समाधान होने से आवेदनकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को दिया धन्यवाद
नर्मदापुरम- प्रदेश के नागरिकों की खुशहाली और शासन द्वारा आमजन को प्रदान की जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं को सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री चौहान आमजन की कठिनाइयों को पूरी संवेदनशीलता से दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। आमजन की समस्याओं को लेकर उनकी असाधारण संवेदनशीलता का पता इस बात से ही चलता है कि नागरिकों की छोटी से छोटी शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हैं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश देते हैं। वे अधिकारियों से भी उतनी ही संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ शिकायतों को निराकरण करने की अपेक्षा भी करते हैं।
जिले के नागरिकों द्वारा मुख्यमंत्री श्री चौहान को जो समस्याएं शिकायतें भेजी जाती हैं, उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिला प्रशासन को प्रेषित कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए जाते हैं। विगत दिवसो में मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा नर्मदापुरम जिले की 70 शिकायतों को निराकरण के लिए भेजा गया। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह द्वारा उतनी ही तत्परता और संवेदनशीलता के साथ सभी शिकायतों का त्वरित निराकरण कराया गया।
कलेक्टर श्री सिंह के निर्देश पर इन शिकायतों से संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द लोगों की समस्याओं का निराकरण के लिए शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क किया गया तथा उनकी समस्या का संतुष्टि पूर्वक समाधान किया गया। इसके लिए अनेक आवेदन कर्ताओं ने जल्द समस्या के समाधान के लिए और अधिकारियों द्वारा उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर त्वरित निराकरण के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद भी दिया।
इन शिकायतों का किया गया निराकरण
मुख्य्मंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायतों का जिला अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया। जिले के हितग्राहियों की राशन, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, लाडली लक्ष्मी योजना से संबंधित शिकायत, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण आदि 70 से अधिक शिकायतों के आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन द्वारा शिकायतों का निराकरण किया गया।
त्वरित निराकरण के लिए दिया धन्यवाद
जिले के सोहागपुर के ग्राम तालखेड़ी निवासी संजीव कुमार ठाकुर ने खेत की बिजली कटौती के संबंध में आवेदन दिया था,जिस पर अधिकारियों द्वारा कार्यवाही कर विद्युत सप्लाई चालू की गई। सिवनी मालवा के बिसोनी कला निवासी दिनेश कुमार लवंशी ने 3 माह से राशन नहीं मिलने के संबंध में आवेदन दिया जिस पर आवेदक को जुलाई, अगस्त एवं सितंबर माह का राशन प्रदान किया गया। इसी प्रकार पिपरिया के पुनोर निवासी कैलाश पटेल के राशन नहीं मिलने की समस्या पर आवेदक को दो माह का राशन उपलब्ध कराया गया।
जिले के आवेदनकर्ता दामोदर सिंह गुर्जर, मुकेश कुशवाह, रूक्मणी यादव सहित अनेक आवेदन कर्ताओं ने कहा कि आवेदन के तुरंत बाद ही अधिकारियों ने हमसे संपर्क कर हमारी समस्या का समाधान कर दिया है। संतुष्टि पूर्वक किए गए समाधान के लिए सभी ने मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
Views Today: 2
Total Views: 62

