अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तथा हरदा एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट में बुधवार सुबह गूगल मीट के माध्यम से अपने प्रभार के दोनों जिलों के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक लेकर विकास पर्व की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान कृषि मंत्री कमल पटेल, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर, उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारतसिंह कुशवाह, विधायक टिमरनी संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया, जिला भाजपा अध्यक्ष अमरसिंह मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी शामिल हुए। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने इस दौरान कहा कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के अधिकारियों के साथ विकास पर्व के दौरान दौरे कर निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करें। उन्होने वर्षा ऋतु में नालों की सफाई तथा वर्षा के तत्काल बाद सड़कों की रिपेयरिंग के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया। श्री सिलावट ने इस दौरान निर्देश दिए कि निचली बस्तीयों में अतिवृष्टि से जल भराव न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होने इस दौरान कहा कि गुरूवार को लेपटॉप वितरण के लिए भोपाल में आयोजित कार्यक्रम की तरह हरदा एवं ग्वालियर जिले में भी स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करें। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री शाह ने बैठक में वर्षा में स्कूलों की छतों की रिपेयरिंग कराये जाने की आवश्यकता बताई। उन्होने कहा कि स्कूलों में पानी टपकने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है, जिस पर प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने जिला पंचायत के सीईओ और जिला शिक्षा अधिकारी को इस समस्या के निराकरण के लिए निर्देश दिए। कृषि मंत्री श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि विकास पर्व के दौरान हरदा जिले में नवनिर्मित सरकारी भवनों का लोकार्पण किया जा रहा है। साथ ही हाल ही में स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन भी विकास पर्व के दौरान जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है।
Views Today: 2
Total Views: 78

