अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के निर्देशानुसार झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ की जिला बैठक हंडिया नाभिपट्नम में कृषि मंत्री कमल पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। जिसमें कृषि मंत्री श्री पटेल ने 24 तारीख को हंडिया से गुप्तेश्वर मंदिर हरदा तक निकलने वाली कावड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का उपस्थितजनों से आव्हान किया तथा मध्यप्रदेश शासन और केंद्र शासन द्वारा कराए गए विभिन्न कार्यो का उल्लेख किया। इस अवसर पर उन्होने झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के मंडलो और कार्यकारिणी के सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। जिसमें राजेश चौहान, निर्भयदास गुर्जर, रमेश प्रसाद बामने, अशोक भैसारे, कैलाश मालवीय, रामविलास उईके तथा धनराज गौर प्रमुख थे। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मनसुख लोहाना ने केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओ की जानकारी देते हुए भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड विजयश्री दिलवाने के लिए कृतसंकल्पित होने का आव्हान किया। उन्होने कहा कि वर्ष 2023 और 2024 चुनावी वर्ष है और इन वर्षो में हमें केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओ की जानकारी लेकर जनता के बीच जाना होगा। भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक कैलाश कुचबंदिया ने केंद्र और राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से उपस्थितजनों को अवगत कराया। इस अवसर पर नगर मंडल हंडिया के अध्यक्ष विजय पटेल, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णुप्रसाद ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

