प्रशांत शर्मा, हरदा। चुनावी साल में जिला मुख्यालय हरदा की नगर पालिका के लिए ट्रेचिंग ग्राउंड समस्या सुलझने के स्थान पर दिनों-दिन उलझती जा रही है। एक ओर जहां स्थानीय खंडवा बायपास रोड पर मुक्तिधाम समीप स्थित वर्तमान ट्रेचिंग ग्राउंड का जमकर विरोध हो रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रस्तावित नए ट्रेचिंग ग्राउंड का भी विरोध आसपास की तीन ग्राम पंचायतें कर रही हैं। ऐसी स्थिति में फिलहाल हरदा नगर पालिका का नया ट्रेचिंग ग्राउंड फिलहाल खटाई में पड़ता नजर आ रहा है।
क्या है मामला
नगर में कई वर्षों पूर्व स्थानीय निकाय द्वारा शहर के कचरे का निस्तारण करने हेतु शहर के बाहर मुक्तिधाम के समीप ट्रेचिंग ग्राउंड बनाया था। मगर कालांतर में शहर की आबादी बढ़ने के साथ यहां इसके आसपास भी रहवासी बसीगत हो गई। इस कारण यहां शहर का कचरा डालने और इसमें आग लगाने से हो रहे प्रदूषण का दुष्प्रभाव आमजन पर पड़ने लगा। इसे देखते हुए एक दशक पूर्व हरदा नगर पालिका ने राजस्व के सहयोग से ग्राम सामरधा, झाड़पा और कायागांव के समीप स्थित छोटाघास की 6.8590 हेक्टेयर भूमि नए ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए आरक्षित कर ली। यहां निकाय द्वारा कचरा निस्तारण के लिए हाईक्लास प्लांट लगाने की योजना भी तैयार कर ली थी। मगर ऐन मौके पर चुनावी साल में आसपास की तीन ग्राम पंचायतों द्वारा विरोध जताए जाने से मामला टल गया।
हरदा में भी विरोध
हाल ही में जिला कांग्रेस द्वारा नगरीय समस्याओं को लेकर हरदा नगर पालिका का बहुचर्चित घेराव किया गया था। इसमें मुक्तिधाम के पास कचरा जलाने से हो रही समस्या बताते हुए इसे बंद कर अन्य जगह विस्थापित करने की मांग की थी।
सामरधा पंचायत ने सौंपा ज्ञापन
गत दिवस गुरूवार को ग्राम पंचायत सामरधा के सरपंच शरदचंद्र और पंचायत सचिव ने स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को एक ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित ट्रेचिंग ग्राउंड का विरोध किया है। वहीं ग्राम पंचायत कायागांव और झाड़पा ने भी अलग-अलग स्तर पर अपना विरोध जताया है। उनका कहना है कि हमारे ग्राम के पास कचरा निस्तारण होने से रहवासियों को समस्या होगी। साथ में खेतों की फसल पर भी खतरा होगा। इसलिए हमारी पंचायत के समीप यह ट्रेचिंग प्लांट न लगाया जाए।
खटाई में न पड़ जाए योजना
हरदा नगर पालिका द्वारा सामरधा-झाड़पा-कायागांव के पास ट्रेचिंग प्लांट लगाने की योजना बनाई गई है। एक दशक पूर्व बनी इस योजना में हाईक्लास मशीन लगाकर कचरे का निस्तारण करना प्रस्तावित है। इसके लिए राजस्व विभाग से आवंटित छोटाघास की भूमि खसरा 27/4 रकबा 6.8590 को उपयुक्त माना गया है। यह भूमि हरदा शहर के नजदीक होने से नगर पालिका के कचरा वाहनों को रोज आने-जाने में काफी सहूलियत होगी। यदि विभाग द्वारा राजनीतिक दबाव में आकर इस भूमि के प्रस्तावित प्रयोजन में कोई बदलाव किया गया तो आसपास अन्य भूमि खोजना मुश्किल होगा। इससे नए ट्रेचिंग ग्राउंड को बनाने की योजना खटाई में पड़ने की आशंका है।
क्या हैं आपत्ति
– बायपास मार्ग पर घनी आबादी बस्ती बन जाने से वर्तमान ट्रेचिंग ग्राउंड का कचरा और धुआं आमजन के स्वास्थ्य पर विपरीत असर डालेगा।
– यहां पर हिंदुओं का मुक्तिधाम, मुस्लिम समुदाय का कब्रिस्तान और ईदगाह जैसे स्थान भी हैं जो लोगों की भावनाओं से जुड़े हुए हैं।
– प्रस्तावित नया स्थान भी तीन पंचायतों के समीप होने से आसपास के लोग और पंचायतें अपना विरोध दर्ज कर रही हैं।
Views Today: 6
Total Views: 308

