पुलिस थाने के पास मोबाइल दुकान में चोरी

-दुकान की शटर तोड़कर मोबाइल-लैपटॉप और नकदी लेकर फरार  

अनोखा तीर, हरदा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाया। नया बाजार में रविवार सुबह अज्ञात चोरों ने शिव शक्ति मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। चोरों ने जिस दुकान को निशाना बनाया, वह सिटी कोतवाली थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। रविवार तड़के चोर दुकान के पास पहुंचे और शटर तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे मोबाइल फोन, लैपटॉप और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
तीन मोबाइल, लैपटॉप और 15 हजार रुपए चोरी
दुकान संचालक संदीप गोस्वामी के मुताबिक, दुकान से तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 15 हजार रुपए नगद चोरी हुए हैं। हालांकि, दुकान के पूरे सामान का मिलान किए जाने के बाद ही चोरी गए सामान की वास्तविक संख्या और कीमत स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल चोरी हुए सामान और नकदी की कुल कीमत का अंतिम आकलन नहीं हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

0 Views

Leave a Reply