-हरदा के रामनिवास गुर्जर प्रदेश टीम में सह-संयोजक नियुक्त
अनोखा तीर भोपाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय बजट-2026 को लेकर देशभर में व्यापक जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। अभियान का उद्देश्य केंद्रीय बजट की प्रमुख विशेषताओं को जन-जन तक पहुँचाना है। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा जारी पत्र के अनुसार, स्वतंत्र भारत का 80वां केंद्रीय बजट 1 फरवरी 2026 को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बजट प्रस्तुति की परंपरा में व्यापक बदलाव देखने को मिला है, जिसमें बजट को केवल आय-व्यय का दस्तावेज न मानकर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने का सशक्त माध्यम बनाया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि बीते 12 वर्षों में बजट को एक प्रभावी नीति वक्तव्य के रूप में विकसित किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य गरीबी उन्मूलन और आधारभूत ढांचे का सशक्त निर्माण रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे देश में चलाया जाएगा। बजट की प्रमुख विशेषताओं के प्रचार-प्रसार हेतु जमीनी स्तर पर तथा डिजिटल माध्यमों से विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में बजट प्रचार अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश स्तरीय बजट प्रचार अभियान टीम का गठन किया गया है। प्रदेश टीम में राहुल कोठारी को संयोजक, अखिलेश जैन, आशीष अग्रवाल, सुधीर त्यागी एवं राम निवास गुर्जर को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों से अभियान को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
Views Today: 66
Total Views: 66

