अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सांसद प्रतिनिधि हरदा कमल पटेल द्वारा झूठी वाह-वाही लूटने और अपनी राजनीति चमकाने के लिए विकास कार्यों के फर्जी भूमि-पूजन और लोकार्पण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस विषय पर पहले भी सवाल उठाते आए हैं, परंतु आज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हरदा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राजू कमेडीया के भाषण ने इस बात की पुष्टि भी कर दी। विधायक दोगने के अनुसार वायरल वीडियो में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि द्वारा स्पष्ट कहा गया है कि कमल पटेल ने जिन विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया था, उनके शिलालेख लगे होने के बावजूद वे कार्य आज तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि कमल पटेल पद पर रहते हुए हरदा में कोई भी विकास कार्य नहीं करा सके, और अब उनके कार्यकाल में हो रहे विकास कार्यों का फर्जी भूमि-पूजन व लोकार्पण कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। यहां तक कि अब भाजपा के लोग भी सार्वजनिक मंचों से इस बात को स्वीकार कर रहे हैं। प्रेस विज्ञप्ति में विधायक दोगने ने यह भी कहा कि यदि कमल पटेल हरदा में हो रहे विकास कार्यों का श्रेय लेते हैं, तो हरदा में बिक रहे एम.डी. ड्रग और अन्य मादक पदार्थों का भी श्रेय उन्हें लेना चाहिए, क्योंकि मंत्री पद पर रहते हुए ही एम.डी. ड्रग हरदा में आना शुरू हुआ है। उन्होंने पूछा कि प्रदेश में सरकार और शासन-प्रशासन भाजपा का होने के बावजूद हरदा जिले में एम.डी. ड्रग कहां से और कैसे आ रहा है, तथा इसे रोकने के लिए कमल पटेल द्वारा क्या कार्रवाई की गई है। विधायक दोगने ने कहा कि यदि कमल पटेल सच में जनसेवक हैं, तो जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों को विकास कार्य करने दें और हरदा के विकास में बाधा न डालें। उन्होंने कहा कि जनता ने कमल पटेल के मंत्री पद के कार्यकाल और उनके जनविरोधी निर्णयों को देखा है, इसी कारण विधानसभा चुनाव में जनता ने उन्हें नकार दिया है।
विधायक दोगने ने फर्जी भूमि-पूजन के आरोप लगाए

143 Views


