अनोखा तीर, हरदा। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश अनुसार चल रहे विशेष मुस्कान अभियान के तहत सिनर्जी एनजीओ संस्थान के सहयोग से महिला थाना हरदा तथा थाना कोतवाली परिसर हरदा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल व कॉलेज की लगभग 33 छात्राएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्रदेश में संचालित मुस्कान अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। महिला अपराधों के स्वरूप, उनसे संबंधित कानून, अपराध पंजीबद्ध करने की प्रक्रिया तथा ऐसे अपराधों में होने वाली सजा की जानकारी बालिकाओं को दी गई। साथ ही बालिकाओं के अपहरण, दस्तयाबी के बाद होने वाली कानूनी एवं अन्य प्रक्रियाओं तथा भविष्य में आने वाली संभावित समस्याओं के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में केस स्टडी के माध्यम से विभिन्न महिला अपराधों की स्थितियों को समझाते हुए छात्राओं को उससे बचाव के तरीके बताए गए। सोशल नेटवर्किंग साइटों से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई तथा चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला हेल्पलाइन की जानकारी भी प्रदान की गई। जागरूकता कार्यक्रम में सउनि अनीता शर्मा, थाना कोतवाली के प्रधान आरक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र युवने, महिला आरक्षक विजय लक्ष्मी, जया लहरे, महिला थाना हरदा की तरन्नुम, सिनर्जी संस्था की प्रोजेक्ट लीडर एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Views Today: 2
Total Views: 208

