-सड़कों पर गति अवरोधक, साफ-सफाई को लेकर कलेक्टर से की निवारण की मांग
अनोखा तीर, हरदा। नगर पालिका परिषद हरदा के पार्षद अक्षय उपरीत ने वार्ड क्र.12 के व्यापक समस्याओं का हवाला देते हुए कलेक्टर, हरदा को आवेदन भेजकर तात्कालिक कार्रवाई की मांग की है। उपरीत ने बताया है कि वार्ड में नालियों पर बने खुले चैम्बर के लोहे की जाली टूट जाने से खतरा बना हुआ है और विभिन्न सड़कों पर नालियों के गंदे पानी के निकलने के लिए पाइप बदलने की आवश्यकता है। साथ ही नालियों की नियमित सफाई न होने तथा मच्छरों के प्रकोप से निजात दिलाने हेतु कीटनाशक का छिड़काव कराना ज़रूरी बताया गया है। वार्ड की मुख्य सड़कों पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) न होने से वाहन चालकों की गति पर अंकुश नहीं लग रहा है, जो दुर्घटना का कारण बन सकता है। वार्ड में स्थित डॉ. बंसल वाली गली में बने सार्वजनिक शौचालय की नियमित सफाई न होने का उल्लेख करते हुए पार्षद ने इसके शीघ्र रख-रखाव की अपील की है। अक्षय उपरीत ने पत्र में कहा है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पहले भी इस संबंध में कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, परन्तु समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ। इसलिए पार्षद ने कलेक्टर से अनुरोध किया है किउपरोक्त समस्याओं पर ध्यान देते हुए एक निश्चित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई करायी जाए।
Views Today: 2
Total Views: 118

