अनोखा तीर, रहटगांव। हरदा जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कायदा में शुक्रवार को एक 15 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए टिमरनी भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान वनग्राम कायदा निवासी युवराज पिता मनोहरी लाल धुर्वे के रूप में हुई है। बताया गया है कि युवराज ने घर के पास लगे महुए के पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की। युवराज अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार वालों के अनुसार, युवराज गुरुवार शाम से घर वापस नहीं लौटा था। शुक्रवार को उसकी मां पास के एक देवी ओटले पर बेटे की सलामती के लिए प्रार्थना कर रही थी। इसी दौरान जब उन्होंने पेड़ देखा तो युवराज फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला। मां ने तुरंत पिता और अन्य परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने थाना को जानकारी दी और पुलिस मौके पर पहुंची। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों और घटना के हालात का विस्तार से पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ और तफ्तीश कर रही है।
Views Today: 2
Total Views: 106

