अनोखा तीर, हरदा। पेयजल एवं जल स्वच्छता मंत्रालय विभाग भारत सरकार द्वारा विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर हमारा शौचालय- हमारा भविष्य अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। यह अभियान 10 दिसम्बर तक संचालित किया जाएगा। अभियान के जिले में क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने जिले के प्रमुख विभागों स्वास्थ्य विभाग, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, म.प्र. जन अभियान परिषद, जनजातीय कार्य विभाग के साथ बैठक आयोजित कर जिले में अभियान की रूपरेखा विभागीय दायित्व एवं परस्पर समन्वय के संबंध में अवगत कराते हुए सभी को सहभागिता हेतु निर्देशित किया। बैठक में श्रीमती जोसेफ ने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य, गरीमा और सामाजिक समृद्धि के लिए स्वच्छता एवं स्वच्छ व्यवहार पर ही नही बल्कि शौचालयों की क्रियाशीलता के मूल्यांकन मरम्मत तथा सौंदर्यीकरण पर भी विशेष रूप से केंद्रित होगा। अभियान में व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर दोनो को शामिल किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आवश्यकतानुसार सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की मरम्मत कर उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करना, व्यक्तिगत परिवारों को भी उनके व्यक्तिगत शौचालयों की मरम्मत व अनुरक्षण हेतु प्रेरित करना, सामुदायिक शौचालयों के मौजूदा संचालन एवं संधारण तंत्र का आंकलन एवं सुदृढ़ीकरण व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के सौंदर्यीकरण हेतु समुदाय को पेटिंग के लिए प्रेरित करते हुए सीएससी को आकर्षक एवं स्वागत योग्य स्थानों में परिवर्तित करना तथा परिवारों को उनके घरों के शौचालयों के सौंदर्यीकरण हेतु प्रेरित करना। इस अभियान के तहत ग्राम स्तर पर सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत शौचालय प्रतियोगिता, सामुदायिक शौचालय सौंदर्यीकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। साथ ही अभियान के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के द्वारा सामुदायिक जागरुकता की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी। ग्राम स्तर पर जागरुकता के लिए स्कूल, आंगनवाड़ी, आदिवासी आश्रम, छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्रो व महाविद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी। अभियान में सर्वश्रेष्ठ काम करने वाले अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम पंचायतों, हितग्राही, संस्थाओ एवं विभागों को पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Views Today: 2
Total Views: 146

