कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों का किया भ्रमण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-स्कूल, आंगनवाड़ियों एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया
-ग्रामीण नलजल योजनाओं से पेयजल आपूर्ति ठीक तरह से हो
-दूधकच्छ कला में शिक्षक की लापरवाही, तीन दिन का काटा वेतन  
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को जिले के पानतलाई एवं दूधकच्छ कला ग्रामों में पहुँचकर वहां संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने आंगनवाड़ी केन्द्रों से पोषण आहार वितरण, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को मिलने वाले टेकहोम राशन की व्यवस्था पर भी पूछताछ की। साथ ही निर्देश दिये कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र में निजी स्कूलों में जाने वाले बच्चों की सूची चस्पा की जाए ताकि बच्चों की दर्ज संख्या एवं केन्द्र से लाभ प्राप्त करने वाले बच्चों की स्थिति स्पष्ट रहे। उन्होने कहा कि हर एक आंगनवाड़ी केन्द्र में एक फीडबैक रजिस्टर भी संधारित किया जाए। जब भी कोई अधिकारी आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण करता है तो वह अपनी निरीक्षण टीप इस रजिस्टर में इन्द्राज करे। ग्राम दूधकच्छ कला की प्राथमिक शाला में अव्यवस्थाएं मिलने एवं पर्यवेक्षण व्यवस्था में लापरवाही पाये जाने पर कलेक्टर ने यहां के जनशिक्षक राजेश गुर्जर का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि स्कूल की व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित शिक्षक से भी जवाब मांगा जाए। कलेक्टर ने स्कूलों में विद्यार्थियों को होमवर्क आवश्यक रूप से जांचने के भी शिक्षकों को निर्देश दिए। अपने भ्रमण के दौरान श्री जैन ने रन्हाई एवं पानतलाई के बीच की सड़कों का भी निरीक्षण किया एवं सड़क निर्माण से संबंधित अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दूधकच्छ कला एवं पानतलाई में नल जल योजना के तहत घर-घर लगाये गये नलों में पेयजल की आपूर्ति व्यवस्था भी देखी। इस दौरान उन्होने नलों में टोंटियां लगाने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों से कहा कि पाईप लाइन के टेल एण्ड तक पर्याप्त प्रेशर से पानी पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का भी निरीक्षण किया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय टिमरनी के निरीक्षण के दौरान उन्होने एसडीएम व तहसील कार्यालय की सभी नस्तियां ई-ऑफिस व्यवस्था के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि राजस्व न्यायालय के कार्य भी ई-ऑफिस व्यवस्था से किए जाएं। उन्होने कहा कि एसडीएम व तहसील कार्यालय में सभी कर्मचारियों के नाम एवं पद की पट्टिकाएं लगी होना चाहिए। साथ ही कार्यालय में कर्मचारियों के बीच कार्य विभाजन भी सुव्यवस्थित तरीके से होना चाहिए। एसडीएम कार्यालय में अधिवक्ताओं द्वारा पार्किंग व्यवस्था की मांग करने पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जनपद पंचायत टिमरनी के निरीक्षण के दौरान भी कलेक्टर ने कार्यालय की नस्तियां एवं पत्र व्यवहार ई-ऑफिस के माध्यम से प्रचलित करने के निर्देश दिए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा टिमरनी में तैयार किए गए इंडोर स्टेडियम का भी कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होने स्टेडियम परिसर में साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेडियम के अंदर पक्षियों द्वारा गंदगी न फैलाई जाए, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करें। स्टेडियम परिसर में सतत खेलकूद गतिविधियां आयोजित करने के भी कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए। कृषि उपज मण्डी टिमरनी में भावान्तर पंजीयन एवं किसानों को अभी तक भावान्तर योजना से हुए भुगतान की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मण्डी में यदि कोई व्यापारी अनावश्यक सामान रखता है तो उससे किराया वसूला जाए। टिमरनी के लोक सेवा केन्द्र का भी कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया गया। इस केन्द्र से उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री करवाने की व्यवस्था प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। केन्द्र में प्राप्त हो रहे आवेदनों की भी कलेक्टर द्वारा जानकारी ली गई।

Views Today: 2

Total Views: 172

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!