अनोखा तीर, हरदा। ग्राम बागरूल स्थित जिला शिक्षक एवं प्रशिक्षण केंद्र डाइट में हरदा की एक मात्र नाट्य संस्था इंटेलेक्चुअल पब्लिक वेलफेयर एंड ट्रेनिंग फॉर आर्ट सोसायटी द्वारा वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-अध्यापकों को नाटकों के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाने और समझाने के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही अभिनय की बारीकियों, क्राफ्ट, लाइट, मंच निर्माण, स्क्रिप्ट राइटिंग और उच्चारण आदि पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में हिन्दी तथा संस्कृत नाटकों पर विस्तृत चर्चा की गई और विद्यार्थियों ने सवाल-जवाब के माध्यम से कई विषयों की जानकारी हासिल की। वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य नाटकों के प्रति समझ विकसित करना और नई पीढ़ी को नाटक के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था। संस्था के निर्देशक संजय तेनगुरिया ने बताया कि नाटकों की मदद से कक्षा में पढ़ाई को अत्यंत आकर्षक और प्रभावी बनाया जा सकता है। सह-निर्देशक इरशाद खान ने कहा कि यह वर्कशॉप अन्य विद्यालयों में भी आयोजित की जाएगी और विद्यार्थियों को स्वयं नाटक तैयार कराने की दिशा में भी कार्य होगा। संस्था की प्रशिक्षक अर्चना भैंसारे ने विद्यार्थियों को साहित्य और संस्कृति से जुड़े रहने तथा नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य अजय कुंभारे ने छात्र-अध्यापकों को शुभकामनाएं दीं और संस्था के कलाकारों का आभार व्यक्त किया।
Views Today: 2
Total Views: 198

