अनोखा तीर, हरदा। शासन के निर्देश पर नगर पालिका ने बिजली के खंभों, सड़क की पटरियों और दीवारों पर लगे होर्डिंग व बैनर हटा दिए। यह कार्रवाई गुरुवार को सीएमओ कमलेश पाटीदार के नेतृत्व में की गई। सीएमओ पाटीदार ने बताया कि बिजली के खंभों पर लगे होर्डिंग से शॉर्ट सर्किट का खतरा रहता है। वहीं, सड़क की पटरियों पर लगे बैनरों के रिफ्लेक्टर से वाहन चालकों को चकाचौंध महसूस होती है, जिससे वाहन चलाने में दिक्कत होती है और दुर्घटनाएं हो सकती हैं। यह अभियान शहर के घंटाघर चौक से नारायण टॉकीज चौक और चांडक चौराहे से साईं मंदिर तक चलाया गया, जहां पोल पर लगे बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर हटाए गए। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सीएमओ ने सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण की समस्या पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि दुकानों का सामान पटरियों पर रखने और ऑटो व ई-रिक्शा को आड़े-तिरछे खड़ा करने से जाम लगता है, जिससे राहगीरों को परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दुकानदारों और ई-रिक्शा चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए पाटीदार ने कहा कि सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण न करें। यदि कोई ऐसा करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका ने बिजली खंभों, दीवारों से हटाए होर्डिंग

148 Views


