-15 नवंबर को मुंबई के लिए निकले थे, अब बंद बता रहे मोबाइल
अनोखा तीर, हरदा। हरदा में बीते छह दिनों से तीन युवक लापता हैं। इस संबंध में सिटी कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी अखिलेश राठौर ने बताया कि उनके बड़े भाई सुनील राठौर अपने दो दोस्तों के साथ 15 नवंबर को पंजाब मेल से मुंबई के लिए निकले थे। सुनील ने 17 नवंबर तक वापस आने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद से तीनों के मोबाइल बंद आ रहे हैं। अखिलेश के अनुसार, उनका एक दोस्त तीनों को स्टेशन छोड़ने गया था। उसके बाद से तीनों का कोई पता नहीं चला है। परिवार लगातार उनके मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास कर रहा है। सिटी कोतवाली थाने के एसआई सोहनसिंह राजपूत ने बताया कि सुनील राठौर के भाई अखिलेश राठौर ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लापता युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
Views Today: 2
Total Views: 110

