अनोखा तीर, हरदा। पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में जिला पुलिस बल द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर में महिला सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता तथा शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। डीएसपी (महिला सेल) अरुणा सिंह ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अभद्रता, छेड़छाड़ या आपराधिक गतिविधि होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर ने छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने तथा परिजनों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने राहवीर योजना, हिट एंड रन प्रतिकार योजना और कैशलेस उपचार योजना के बारे में विस्तार से बताया। रक्षित निरीक्षक रजनी गुर्जर ने छात्राओं को ध्यान (मेडिटेशन) की विधि और उसके लाभों के बारे में जानकारी दी, तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्म-सुरक्षा में इसकी उपयोगिता बताई।
Views Today: 2
Total Views: 84

