अनोखा तीर, हरदा। सरस्वती शिशु मंदिर हरदा द्वारा ग्राम नीमगांव में मातृगोष्ठी सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ममता विरग दीदी (समाजसेविका, श्री माधव ग्राम शिक्षा समिति जिला हरदा की सदस्य एवं सरस्वती शिशु मंदिर हरदा की पूर्व प्रधानाचार्य रहीं। विशेष अतिथि के रूप में स्मिता दुबे समाजसेविका, विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष हरदा उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नीमगांव की समाजसेविका एवं पर्यावरण संरक्षिका रेखा विश्नोई ने की। मंचस्थ अतिथियों ने मां सरस्वती, भारत माता और प्रणवाक्षर ऊं के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य वक्ता ममता विरग दीदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विद्या भारती द्वारा संचालित सप्तशक्ति संगम अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी के अंदर विराजमान सात शक्तियों को जागृत कर परिवार और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नारी को परिवार का आधार स्तंभ बताते हुए कहा कि नारी से नारायणी बनने का मार्ग कुटुंब प्रबोधन से ही संभव है। द्वितीय वक्ता स्मिता दुबे ने पर्यावरण संरक्षण में मातृशक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला और समाज में पंच परिवर्तन के लिए संघ द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, जीजामाता, सावित्रीबाई फुले, झलकारी बाई और पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होलकर के रूप में प्रस्तुत होकर प्रेरक वाक्यों से उपस्थित माताओं को ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम के सम्मान समारोह में नीमगांव की पार्वतीबाई बेनीवाल (संयुक्त परिवार की वरिष्ठ सदस्य) तथा सरस्वती शिशु मंदिर हरदा की पूर्व छात्रा ज्योति विश्नोई—जिसने मध्य प्रदेश की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया था की मौसी को सम्मानित किया गया। प्रश्नोत्तरी में सही उत्तर देने वाली माताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सप्तशक्ति संगम की संयोजिका संध्या खेड़ले ने किया। अतिथि स्वागत सहसंयोजिका ज्योति सैनी और भारती तिवारी ने किया तथा शिशु वाटिका प्रमुख बबीता सेवारिक ने आभार व्यक्त किया। अंत में विश्व कल्याण की कामना के साथ माताओं को संकल्पित कर कार्यक्रम का समापन किया गया। भारत माता के उद्घोष के साथ सप्तशक्ति संगम मातृ संगोष्ठी का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Views Today: 4
Total Views: 172

