-कलेक्टर ने बीएलओ दिलारे को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
अनोखा तीर, हरदा। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत हरदा जिले की विधानसभा टिमरनी के मतदान केन्द्र क्रमांक 68 खरतलाब में नियुक्त बूथ लेवल ऑफिसर हंसकुमार दिलारे द्वारा 17 नवम्बर की शाम तक समस्त कार्य शतप्रतिशत पूर्ण किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को बीएलओ श्री दिलारे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पुरूषोत्तम कुमार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। बूथ लेवल ऑफिसर श्री दिलारे ने बताया कि इस कार्य को पूर्ण करने में उनके द्वारा नियमित तीन प्रशिक्षण प्राप्त किये गये। साथ ही सहयोग के लिये एक सहायक अधिकारी भी उनके साथ नियुक्त था। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई मतदाता सूची को लेकर उन्होने गांव का घर-घर भ्रमण किया एवं बाहर से आये मतदाताओं की जानकारी प्राप्त की। जो मतदाता अथवा नव विवाहिता अन्य स्थानों से ग्राम में आये थे, उनकी जानकारी पोर्टल पर लिंक के माध्यम से प्राप्त की, जिससे सर्वेक्षण कार्य में सरलता हुई। ग्रामीणों द्वारा भी एसआईआर से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग किया गया, जिसके चलते तत्परता से यह कार्य पूर्ण हुआ।
ग्राम छिड़गांव मतदान केन्द्र पर भी 83.64 कार्य पूर्ण
इसी प्रकार हरदा विधानसभा अंतर्गत मतदान क्रमांक मतदान केंद्र 28 छिड़गांव के बीएलओ लोकेश बिश्नोई ने सोमवार 17 नवम्बर की शाम तक 83.64 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया है। सोमवार 17 नवम्बर की शाम मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इस कार्य की सराहना की गई। साथ ही कहा गया कि जो बीएलओ तत्परता से शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करेंगे उनको 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर महामहिम राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस कार्य में जो निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी तत्परता से शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करेंगे वह भी सम्मानित होंगे। उल्लेखनीय है कि जिले में कम मतदाता संख्या वाले मतदान केन्द्रों पर एसआईआर का कार्य पहले शुरू किया गया है ताकि इन मतदान केंद्रों का शत-प्रतिशत एसआईआर का शीघ्र कार्य किया जाकर आगे कार्य संपन्न किया जा सके। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने उक्त दोनों बीएलओ कार्य की सराहना की है।
Views Today: 2
Total Views: 108

