अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाईÓ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल, जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ प्रवीण इवने सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में ग्राम झाड़पा निवासी कपिल ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर अपने काम की मजदूरी नहीं मिलने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उन्होने जिला श्रमपदाधिकारी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए। सिराली के वार्ड क्रमांक 8 के निवासियों ने नाली निर्माण के कराने के लिए कलेक्टर श्री जैन को आवेदन दिया, जिस पर उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सिराली को आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए। ग्राम भुन्नास निवासी कमल सिरोही ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर घर के सामने बड़े नाले पर पुलिया निर्माण की मांग की, जिस पर उन्होने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए। खिरकिया के वार्ड क्र.8 स्थित कॉलोनवासियों ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन कर कॉलोनाइजर द्वारा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उन्होने मुख्य कार्यपालन अधिकारी खिरकिया को मामले की जांच कर आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए।

