किसान त्रस्त, सरकार मस्त : मोहन सांई

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के किसानों के साथ बड़ा छलावा होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सांई ने कहा कि प्रदेश सरकार की भावंतर योजना का लाभ हजारों किसानों को नहीं मिल पा रहा है। हरदा मंडी में सोयाबीन बेचने के बाद किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। अभी तक हरदा मंडी में केवल 2004 किसानों ने भावंतर योजना के तहत सोयाबीन बेची है, जिसकी सूची हरदा मंडी सचिव द्वारा प्रदेश सरकार को भेजी गई थी। लेकिन सरकार द्वारा मात्र 1568 किसानों के नाम सत्यापन हेतु वापस भेजे गए हैं। स्थिति यह है कि सैकड़ों किसान हरदा मंडी कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, परंतु मंडी सचिव की ओर से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। किसानों को यह भी बताया जा रहा है कि जिनकी सोयाबीन 3500 रुपये प्रति क्विंटल से कम भाव पर बिकी है, उन्हें भावंतर योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। चिराखान के किसान विजय सिंह पिता जागेश्वर ने 22 क्विंटल 65 किलो सोयाबीन 4172 रुपये प्रति क्विंटल के भाव में बेची थी, लेकिन उन्हें केवल 647 रुपये प्रति क्विंटल की राशि मिली, जबकि उन्हें 1300 रुपये प्रति क्विंटल मिलना चाहिए था। ऐसे अनेक किसान हैं जिन्हें अपेक्षा से बहुत कम राशि प्राप्त हुई है। किसान निराश हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध लेने को तैयार नहीं दिख रही है। किसानों को गेहूं एवं चने की बुवाई करनी है, परंतु समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है और न ही भावंतर की राशि समय पर मिली है। फसल नुकसान की राहत राशि और बीमा लाभ भी अब तक किसानों को प्राप्त नहीं हुए हैं। मोहन साईं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही राहत राशि, बीमा लाभ एवं सोयाबीन का अंतर मूल्य किसानों को उपलब्ध नहीं कराया गया, तो जिला कांग्रेस गांव-गांव चौपाल चर्चा करेगी और जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी।

Views Today: 4

Total Views: 244

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!