-दीपावली पर हर्ष फायरिंग करने का वायरल हुआ था वीडियो
अनोखा तीर, हरदा। जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर हर्ष फायरिंग करने के आरोप में एक भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला 2 नवंबर को दीपावली उत्सव के दौरान ग्राम कचनार में हुई घटना से संबंधित है। भीम आर्मी के संभागीय संयोजक महेंद्र काशिव ने बताया कि बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के भीमपुर निवासी संतुलाल पिता मिश्रीलाल सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में वे 2 नवंबर को हरदा जिले के ग्राम कचनार में दीपावली उत्सव के दौरान ग्रामीणों के बीच बंदूक चलाते हुए दिख रहे थे। काशिव ने इस वीडियो के आधार पर हरदा एसपी को आवेदन देकर भाजपा नेता संतुलाल सूर्यवंशी पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग करने से ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा हो गया था। उनकी शिकायत के बाद रहटगांव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। रहटगांव थाना प्रभारी मनोज दुबे ने जानकारी दी कि महेंद्र काशिव की शिकायत के आधार पर संतुलाल यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आगे वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
भाजपा नेता पर मामला दर्ज

211 Views




