-गिट्टी निकलने से हो रही दुर्घटनाएं
अनोखा तीर, मसनगांव। मंडी निधि की ढाई करोड़ रुपए की राशि से बनाई गई डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का रखरखाव न होने से ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के कई हिस्सों में गिट्टी बाहर निकलने से दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। पिछले वर्ष स्टेट हाईवे से लेकर स्कूल के पीछे से गांगला तक डेढ़ किलोमीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण किया गया था। निर्माण के समय 5 वर्ष की गारंटी निर्धारित की गई थी, लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा एक वर्ष बाद भी सड़क के सुधार कार्य पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जबकि शासन के नियमानुसार ठेकेदार को 5 वर्ष तक रखरखाव की जिम्मेदारी दी जाती है। ग्रामवासियों का कहना है कि सड़क में गड्ढे बन गए हैं और रेत-गिट्टी बाहर आने लगी है, जिसका सुधार ठेकेदार की जिम्मेदारी है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद ठेकेदार ध्यान नहीं दे रहा। ग्रामीणों की शिकायत के बाद सड़क के कुछ हिस्सों जैसे स्कूल के पीछे से होली चौक तक और डोलीघाट पुलिया से लगभग 200 मीटर तक डामर चढ़ाया गया, जिससे कुछ राहत मिली। लेकिन गांगला गांव और बीच के कई हिस्सों में गिट्टी, सीमेंट और चुरी बाहर आने से दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। घटिया निर्माण के कारण सड़क कई स्थानों पर जर्जर हो चुकी है। बारिश का मौसम साफ होते ही सड़क पर धूल के गुबार उठते हैं, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। धूल और डस्ट के कारण कई लोगों को एलर्जी की समस्या तक होने लगी है। गांगला के ग्रामीण जुगल किशोर रायखेरे, नंदकिशोर पुनासे, बृज किशोर पुनासे, गणेश पुनासे और राकेश पुनासे ने बताया कि सड़क की गुणवत्ता अत्यंत खराब है और कई जगह गिट्टी निकलने से वाहन चालक फिसल रहे हैं। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से सड़क पर दोबारा डामर करने या सीमेंट डालकर पूर्ण सुधार करने की मांग की है।
Views Today: 2
Total Views: 234

