कुटुंब संरक्षण में मातृशक्ति का विशिष्ट योगदान  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। सरस्वती शिशु मंदिर गुलजार भवन हरदा द्वारा ग्राम रन्हाईकलां में मातृगोष्ठी सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता समाजसेविका रेखा बिश्नोई, विशेष अतिथि रुक्मणी कानवे महिला मंडल अध्यक्ष और अध्यक्षता जयश्री पटेल ने की। मंचस्थ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता और प्रणवाक्षर ऊं के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य वक्ता रेखा बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विद्या भारती द्वारा पूरे देश में मातृशक्ति के अंत:करण में विराजमान सप्त शक्तियों के जागरण हेतु सप्तशक्ति संगम कार्यक्रमों का संकल्प लिया गया है। इसी श्रृंखला में ग्राम रन्हाईकलां के शिव मंगल गुर्जर परिसर में यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि नारी संपूर्ण विश्व संचालन की क्षमता रखने वाला आधार स्तंभ है। नारी से नारायणी बनने की प्रक्रिया में कुटुंब सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, इसलिए कुटुंब प्रबोधन के अंतर्गत राष्ट्र निर्माण में नारी को अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी होगी। द्वितीय वक्ता के रूप में प्रज्ञा अग्रवाल समाजसेविका एवं शिक्षाविद, शिशु मंदिर की पूर्व छात्रा ने पर्यावरण संरक्षण में माताओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय की बहनों ने रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, जीजामाता, सावित्रीबाई फुले, झलकारी बाई और पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होलकर के स्वरूप में प्रस्तुतियां दीं और प्रेरक वाक्यों से माताओं को प्रेरित किया। सम्मान समारोह के अंतर्गत ग्राम की दो माताओं मनु पाटिल, जो विधवा होने के बावजूद दो बेटियों को कपड़े सिलकर उच्च शिक्षा दिला रही हैं। वहीं अनीता देवड़ा, जो आशा कार्यकर्ता रहते हुए अपने बेटे को उच्च शिक्षा दिला रही हैं, का सम्मान किया गया। मातृगोष्ठी में प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाली माताओं को पुरस्कृत किया गया। विश्वकल्याण की कामना के साथ माताओं को संकल्प दिलाते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सप्तशक्ति संगम की संयोजिका संध्या खेड़ले ने किया। अतिथि स्वागत सहसंयोजिका ज्योति सैनी एवं भारती तिवारी ने किया, तथा शिशु वाटिका प्रमुख बबीता सेवारिक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। भारत माता के उद्घोष के साथ सप्तशक्ति संगम मातृ संगोष्ठी ग्राम रन्हाईकलां में सानंद संपन्न हुई।

Views Today: 2

Total Views: 160

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!