-पिकअप को बचाने के दौरान हुआ हादसा, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
अनोखा तीर, हरदा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के छीपानेर रोड पर शनिवार रात करीब ढाई बजे एक सीमेंट से भरा ट्रक हाईवे की पुलिया से टकरा गया। यह हादसा सामने से आ रही एक पिकअप को बचाने के दौरान हुआ। इस दुर्घटना में इंदौर निवासी ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक उज्जैन से सीमेंट लेकर हरदा डिपो आ रहा था। रात में रास्ता भटकने के कारण चालक टेमागांव की ओर निकल गया था। टोल कर्मचारियों ने उसे वापस सही रास्ते पर भेजा। वापस लौटते समय, जब ट्रक हाईवे से नीचे उतर रहा था, तभी सामने से एक तेज रफ्तार पिकअप आ गई। इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र निवासी चालक अमित भदौरिया ने पिकअप को बचाने का प्रयास किया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराया। अमित भदौरिया ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में ट्रक ड्राइवर साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सिटी कोतवाली थाने के एसआई रिपुदमन सिंह राजपूत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

