अनोखा तीर, हरदा। कलागृह द्वारा आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी के अंतिम दिवस रविवार सुबह राजपूत छात्रावास में सर्टिफिकेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली ज्योति रात्रे, साहित्यकार डॉ.विनीता रघुवंशी, प्रसिद्ध चित्रकार डॉ रविन्द्र भागवत और मोटिवेशनल स्पीकर महेंद्र दोगने उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ज्योति रात्रे ने कहा कि हमें अपनी कमजोरी को ही अपनी ताकत बनाना चाहिए। हर व्यक्ति के सामने अपनी एक ‘एवरेस्टÓ होती है, जिसे फतह करने का संकल्प लेना चाहिए। डॉ विनीता रघुवंशी ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने की आवश्यकता है, रचनात्मकता का गुण सभी में होता है। डॉ रविन्द्र भागवत ने ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताते हुए प्रदर्शनी की सराहना की। महेंद्र दोगने ने अपने रोचक अंदाज में लक्ष्य पर केंद्रित रहने की प्रेरणा दी और प्रसंगों के माध्यम से अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान कलागृह के कलाकारों को अतिथियों द्वारा सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। अंत में कलागृह की संचालिका सुलेखा गुर्जर ने कहा कि सभी के विश्वास और टीम के अतुलनीय सहयोग से प्रदर्शनी सफल रूप से आयोजित हो सकी। कार्यक्रम में कुल 121 कलाकारों को सर्टिफिकेट वितरित किए गए। रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रदर्शनी का आनंद लिया।

Views Today: 2
Total Views: 128

