-समूह लोकगायन में प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया जिले का गौरव
अनोखा तीर, हरदा। 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव 2026 के अंतर्गत पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा के विद्यार्थियों ने समूह लोकगायन विधा, लोक संगीत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्था की लोकसंगीत टीम में राजवीर राजपूत हारमोनियम, समर्थ पालीवाल ढोलक तथा गायन में नैना, पलक, नव्या और सृष्टि परिहार ने अपनी सुरीली प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की स्वर-लय, तालमेल और प्रस्तुति शैली ने सबका दिल जीत लिया। इन विद्यार्थियों के मार्गदर्शक नितिन रामकुचे रहे, जिन्होंने संगीत के माध्यम से विद्यार्थियों में लोकगायन के प्रति गहरी रुचि और समझ विकसित की। संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा महर्षि ज्ञानपीठ के विद्यार्थी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय परिवार ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

