अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के निर्देश पर जिला इकाई हरदा के अध्यक्ष मोहम्मद जफर अंसारी, महासचिव अखिलेश बिल्लौरे एवं प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों के हितों से जुड़ी छह प्रमुख मांगें शामिल की गईं। इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज का सशक्त स्तंभ है, जो शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग
संघ ने पहली मांग में प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून को तत्काल लागू करने की आवश्यकता बताई। पत्रकारों ने कहा कि सच्चाई दिखाने वाले कलमकारों को निरंतर उत्पीड़न और हमलों का सामना करना पड़ता है, इसलिए सुरक्षा कानून समय की जरूरत है। साथ ही यह भी मांग रखी गई कि भोपाल के मालवीय नगर स्थित पत्रकार भवन की भूमि, जिसे पूर्व सरकार ने वापस ले लिया था, उसे पुन: पत्रकारों को लौटाया जाए।
पेंशन, स्वास्थ्य और सुविधाओं से जुड़ी मांगें
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार पेंशन योजना (श्रद्धा निधि योजना) में अधिमान्यता की अनिवार्यता समाप्त कर इसे आजीवन लागू किया जाए। राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार भवन के लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। इसके अतिरिक्त पत्रकारों को टोल टैक्स से मुक्त करने और पत्रकार स्वास्थ्य बीमा योजना को निशुल्क करने का सुझाव भी दिया गया। संघ ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इन मांगों पर संवेदनशीलता से विचार कर पत्रकारों के हित में सकारात्मक निर्णय लेंगे। ज्ञापन सौंपते समय जिले के सभी ब्लॉकों के पत्रकार मौजूद रहे। इस अवसर पर मोहन गुर्जर, कपिल शर्मा, मुकेश दुबे, आनंद गौर, संजय दुबे, विक्की शर्मा, सौरभ ओसले, मनीष पवार, डॉ. रविंद्र कुशवाहा, (मुन्ना पटेल), संजय नामदेव, कीर्तन ओनकर, वसीम खान, सुनील मालाकार, मेहमूद चिश्ती, तरुण सराफ, अभिषेक दमाड़े सहित जिले के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
Views Today: 8
Total Views: 258

