अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय सनफ्लावर इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल में सीबीएसई स्कूलों के सहोदय गु्रप द्वारा आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक, खेल एवं व्यक्तिगत विधाओं पर आधारित व्यक्तित्व विकास प्रतियोगिता का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधीश सिद्धार्थ जैन थे। उनके सानिध्य में प्रतियोगिता के समापन का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय में सामूहिक नृत्य विधा का आयोजन किया गया, जिसमें संस्कार स्कूल, होलीफेथ स्कूल, डेली पब्लिक स्कूल, एकेडमिक हाइट स्कूल, सूर्योदय स्कूल, द फाउंडेशन स्कूल एवं नॉलेज पब्लिक स्कूल की टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी अतिथि के रूप में तथा पत्रकार सुनील जैन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता शिक्षण विकास समिति के अध्यक्ष रविशंकर अग्रवाल ने की। अतिथियों के सम्मान में छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में शामिल सातों विद्यालयों की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि विद्यार्थी आगामी परीक्षाओं में भी जिले का नाम रोशन करें। जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी ने सभी विद्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से ही व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास संभव है। इस अवसर पर शिक्षण विकास समिति के उपाध्यक्ष संजय जैन, सचिव प्रतीक अग्रवाल, सदस्य लखनलाल अग्रवाल, नवनीत पटेल, सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर किरण मिश्रा, प्राचार्य प्रीति बांके, सोनाली, नेहा वर्गीस सहित सभी सहभागी स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अंकित परिहार, शिक्षिका शक्ति राजवैद्य, रेहान खान एवं कल्याणी खेरवा ने किया। आभार शिक्षक अवधेश चौहान ने व्यक्त किया।

Views Today: 2
Total Views: 232

