-पुलिस ने चलाया सघन वाहन जांच अभियान
अनोखा तीर, हरदा। दिल्ली में हुए धमाके की घटना के मद्देनज़र हरदा ज़िले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु पुलिस अधीक्षक शशांक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा के निर्देशन में सोमवार देर रात तक व्यापक वाहन जांच अभियान सघन चेकिंग चलाया गया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण पर रहे। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर वाहनों की गहन तलाशी ली गई। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की गई। पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अपने नज़दीकी थाने या डायल 112 पर दें। चेकिंग अभियान के दौरान एसडीओपी हरदा शालिनी परस्ते, थाना प्रभारी हरदा रोशनलाल भारती, थाना प्रभारी सिविल लाइन रामसुमेर तिवारी, थाना प्रभारी यातायात सूबेदार उमेश ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।






