-कलाकारों ने राजा हीराखान सिंह के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां दीं
अनोखा तीर, हरदा। गौण्ड जनजातीय समुदाय के चरित्र एवं ऐतिहासिक नायकों पर केन्द्रित जननायक गौण्ड इतिहास की नृत्य नाट्य प्रस्तुतियों के तीन दिवसीय समारोह का आयोजन शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में किया जा रहा है। मंगलवार को भारत सरकार के अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग के केन्द्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने भारत माता एवं बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम में नवीन सिंह एवं उनके दल ने राजा हीराखान सिंह के वीर चरित्र पर आधारित आकर्षक नृत्य नाट्य प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुति में दर्शाया गया कि किस प्रकार राजा हीराखान सिंह ने अपने साहस और पराक्रम से अनेक योद्धाओं को परास्त किया। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष भारतीय राजू कमेड़िया, पूर्व विधायक टिमरनी संजय शाह, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य कमलेश सेजकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा आयोजित यह नृत्य नाट्य समारोह आदिवासी जननायकों की वीरगाथाओं को जीवंत करता है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को वन का राजा कहा जाता था और यह गौरवशाली अतीत जनजातीय समाज की शौर्यगाथा का प्रतीक है। गौण्ड नायकों के अद्वितीय व्यक्तित्व और पराक्रम को प्रदर्शित करने वाला यह आयोजन प्रेरणास्रोत है।
बांस शिल्प और स्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी भी लगी
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पॉलिटेक्निक कॉलेज सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही वन विभाग द्वारा एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत बांस से निर्मित आकर्षक वस्तुओं की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।

Views Today: 2
Total Views: 194

