कृषि उपज मंडी खिरकिया में अव्यवस्थाओं का अंबार

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

– कांग्रेसियों एवं किसानों ने किया मेन रोड पर चक्काजाम
-दस सूत्रीय मांगो को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन  
अनोखा तीर, खिरकिया। वैसे तो हरदा जिले की खिरकिया कृषि उपज मंडी का प्रांगण जगह के आभाव से घिरा है। लंबे समय से मंडी को दूसरी जगह स्थानांतरण की मांग चली आ रही है। लेकिन आज तक पूरी नही हुई है। वही खिरकिया कृषि उपज मंडी में भाव अधिक मिलने के कारण हरदा खंडवा बैतूल सहित अन्य जिले के किसान भी खिरकिया मंडी में अपनी उपज तुलवाने आते है। अधिक संख्या में किसान आने के कारण मंडी में जगह का अभाव बना रहता है। ट्रॉफिक जाम की स्थिति भी निर्मित होती है। जिससे किसानो को काफी परेशानियो का सामना करना पड रहा है। कृषि उपज मंडी सचिव आपसिंह किराडे ने मंडी में जगह के अभाव की सूचना कई बार उच्च अधिकारी को दी लेकिन आज तक निराकरण नही हो पाया है।
मंडी के बाहर किया चक्काजाम
मंगलवार को किसानो को हो रही असुविधाओं एवं मंडी अधिकारियों सहित कर्मचारियों की लचर कार्यशैली को लेकर कांग्रेसियों एवं किसानों ने चक्काजाम कर मंडी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारीबाजी करना शुरू कर दिया। मंडी प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाये। चक्काजाम होने से आने जाने वाले वाहन चालको को काफी परेशानियो का सामना करना पड़ा। चक्काजाम की सूचना मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी संतोष चौहान, तहसीलदार लवीना घाघरे पहुंची। जहां प्रदर्शन कर रहे किसानों से चर्चा कर चक्काजाम को हटाया गया। जिसके बाद आवागमन सुचारू रूप से चालू हुआ। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष कोठारी, कांग्रेस प्रवक्ता अनुरूप बायवर, भूपेन्द्र राजपूत, सुनील राजपूत, देवेन्द्र राजपूत, गोल्डी कुशवाह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद थे।
क्या है मांग
मंडी में कार्यरत गार्ड का पदनाम की लिस्ट मंडी गेट पर लगाई जाए। गार्ड की ड्यूटी समय एवं ड्यूटी कहां है यह जानकारी भी दर्ज हो एवं गार्ड सभी ड्रेस कोड में रहे। उपज तुलाई हेतु दूसरा कांटा भी शरू किया जाये, तुलाई में जो अंतर आ रहा है इसमें सुधार कर जो तुलाई में व्यवस्था सुधार हो सके किसानों को तोल कांटे के बाद वजन कटौती न की जाए। मंडी के दूसरे गेट को निकासी द्वार के रूप में प्रारम्भ कराया जाए। मंडी परिसर में उपलब्धता के आधार पर किसानो के वाहनों को परिसर में प्रवेश दिया जाए। बाकि वाहनो को क्रमश खड़ा करने की व्यवस्था मंडी प्रशासन बनाए। मंडी परिसर से खाद वितरण बंद कर खाद को वितरण केंद्र से वितरित कराया जाए। मक्का खरीदी के बाद किसान के वाहन को मंडी परिसर में ही खाली कराया जाए। व्यापरी के निजी प्रांगण में किसानों कि ट्राली ले जाने के लिए बाध्य न किया जाए। व्यापारी प्लेटफॉर्म पर क्रय की गई उपज को 24 घंटे में प्लेटफार्म खाली कराया जाए, ताकि तुलाई के दौरान किसान की ट्राली प्लेटफॉर्म पर लग सके। नीलामी के दौरान नीलामी प्रभारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें ताकि किसानों को फसल का सही दाम मिल सके। शासन द्वारा प्रदत्त किसान को भोजन और विश्राम ग्रह का लाभ किसानों को मिल सके, किसानों को भोजन के लिए पर्याप्त टोकन मिल सके एवं भोजन व्यवस्था में सुधार किया जाए। नीलामी प्रक्रिया में सुधार किया जाये, नीलामी प्रभारी बोली लगाते समय जब तक पूरी उपज नीलाम न हो तब तक प्रभारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होने दस सूत्रीय मांगो को लेकर तत्काल कार्यवाही करने हेतू एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। अगर मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।
इनका कहना हैं
मंडी की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। जगह का अभाव भी है। बारिश होने के कारण थोड़ी परेशानी हुई थी। जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।
आपसिंह किराडे, सचिव कृषि उपज मंडी खिरकिया।

Views Today: 2

Total Views: 360

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!