अनोखा तीर, हरदा। छीपाबड़ थाना क्षेत्र के हरिपुरा में कार चालक की लापरवाही ने मजदूर के मासूम बेटे की जान ले ली। 18 महीने का मासूम मालिक के आंगन में खेल रहा था, तभी मालिक के बेटे ने कार रिवर्स लेते समय उस पर चढ़ा दी। कार के पहिए में आने से मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। वहीं आरोपी कार चालक घटना के बाद से फरार है। जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह 8 बजे छीपाबड़ थाना क्षेत्र के हरिपुरा की है। नवलसिंह चौहान हरिपुरा निवासी जयप्रकाश विश्नोई के घर मजदूरी करता है। उसका 18 माह का बेटा प्रिंस आंगन में खेल रहा था, तभी जयप्रकाश का बेटा लक्ष्मण उर्फ महेश विश्नोई (25) अपनी महिंद्रा कार को रिवर्स लेने लगा। इस दौरान आंगन में खेल रहे प्रिंस पर कार चढ़ा दी। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक कार चलाने की धारा में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद आरोपी लक्ष्मण उर्फ महेश विश्नोई फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
आंगन में खेल रहे मजदूर के बेटे पर चढ़ाई कार, मौत

89 Views




