गणेश पांडे, भोपाल। वन विभाग ने हेलीकॉप्टर की सहायता से बोमा कैप्चर तकनीक का उपयोग करके शुजालपुर के खेतों में भटक रहे 45 काले हिरणों को गांधीसागर सेंचुरी में सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किया। विभाग ने यह कार्यवाही किसानों की फसल बचाने की मंशा से दीपावली के दिन की। वन विभाग ने इन्हें दक्षिण अफ्रीका की बोमा तकनीक से हेलीकॉप्टर की मदद से घेरकर गांधीसागर सेंचुरी के घास के मैदानों में शिफ्ट किया गया। इस तकनीक का भारत में यह पहला प्रयोग है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका से आई विशेषज्ञ टीम ने मदद की। एपीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) एल. कृष्णमूर्ति ने बताया कि सभी हिरण शुजालपुर के इमलीखेड़ा गांव से पकड़े गए। किसी भी वन्यजीव को नुकसान नहीं पहुंचा। जिले में 400 काले हिरण, 100 नीलगाय पकड़ी जाएंगी। यह पहल मानव-वन्यजीव संघर्ष संबंध में एक मील का पत्थर साबित होगी।
क्यों पकड़े? शुजालपुर क्षेत्र में करीब 20 हजार हिरण, 2 हजार नीलगाय हैं। ये फसल खराब करते हैं। शिफ्टिंग से वन्यजीवों को सुरक्षित आवास मिलेगा। किसानों को भी राहत मिलेगी। गांधीसागर सेंचुरी के सुप्रिटेंडेंट संजय रायखेरे ने कहा- काले हिरणों को जहां छोड़ा है, वह चीता-तेंदुए के क्षेत्रों से अलग है।
कांग्रेस ने उठाया सवाल
इस पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बालोरिया ने कहा है कि हमारी आस्था को चीतों का भोजन बनाया जा रहा है। अभिनव बालोरिया ने सोशल मीडिया पर कहा है कि वाह री भाजपा सरकार!
Views Today: 6
Total Views: 294
