-मध्यप्रदेश को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगा आयोजन : राज्य मंत्री लोधी
-मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड का 11 से 13 अक्टूबर तक भोपाल में आयोजन
अनोखा तीर, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से 11 से 13 अक्टूबर 2025 तक कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2025 का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बायर्स, सेलर्स, ट्रैवल एजेंट्स, फिल्म प्रतिनिधियों और पर्यटन जगत के हितधारकों को एक मंच पर लाएगा। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 27 देशों के 80 से अधिक विदेशी टूर ऑपरेटर, 150 घरेलू टूर ऑपरेटर, 355 सेलर्स, फिल्म जगत के प्रतिनिधि और मीडिया सहित कुल 700 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। यह भारत का सबसे बड़ा राज्य-स्तरीय ट्रैवल मार्ट होगा, जो मध्यप्रदेश को ‘अतुल्य भारत का हृदयÓ के रूप में वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा।
राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि फिक्की के सहयोग से आयोजित यह आयोजन प्रदेश के होटलियर, ट्रैवल ऑपरेटर, होमस्टे संचालक और पर्यटन हितग्राहियों को देश-विदेश के प्रमुख होटलियर व टूर ऑपरेटरों से सीधा संपर्क स्थापित करने का अवसर देगा। इससे न केवल पर्यटन क्षेत्र में आर्थिक उन्नति होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस दौरान 3000 से अधिक बी-टू-बी मीटिंग्स होंगी, जो अब तक मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्र का सबसे बड़ा व्यावसायिक संवाद होगा। साथ ही, फिल्म और पर्यटन उद्योग से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस और राउंडटेबल सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि आयोजन में 120 से अधिक स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जिनमें मध्यप्रदेश की धरोहर, वन्य जीवन, ग्रामीण संस्कृति, हस्तशिल्प, खानपान और फिल्म पर्यटन को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, गोंड आर्ट और चंदेरी साड़ी का लाइव डेमो और स्थानीय व्यंजन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध नृत्य संयोजक मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित समूह नृत्य प्रस्तुति और मैहर बैंड का विशेष प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आयोजन के दौरान वन-टू-वन निवेशक सत्र में शामिल होंगे।
दो प्रमुख सत्र विशेष आकर्षण रहेंगे
मध्यप्रदेश : हिडन जेम से ग्लोबल आइकन तक, जिसमें राज्य की धरोहर, वन्य जीवन, इको-टूरिज्म और उत्सवों पर चर्चा होगी।
-द फ्यूचर ऑफ द फिल्म सेक्टर इन एमपी: फ्राम रील टू रियल ग्रोथ, जो फिल्म निर्माण और फिल्म-आधारित पर्यटन पर केंद्रित रहेगा।
इस आयोजन में देश-विदेश के पर्यटन और फिल्म जगत से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित नाम शामिल होंगे डॉ. ज्योत्सना सूरी ललित ग्रुप, परवीन चंदर आईएचसीएल गु्रप, राजीव मेहरा, वेद खन्ना, मनीष पुरी एयर इंडिया सहित कई प्रमुख उद्योगपति उपस्थित रहेंगे। फिल्म जगत से एकता कपूर, गजराज राव, रघुवीर यादव, सुनीता रजवार, मोनीशा आडवाणी और स्पेनिश प्रोड्यूसर अन्ना साउरा जैसे प्रसिद्ध व्यक्तित्व भी शामिल होंगे। एमपीटीएम 2025 राज्य को पर्यटन, फिल्म, वेडिंग और जिम्मेदार पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक निवेश और साझेदारी का केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यह आयोजन मध्यप्रदेश की ब्रांड पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेगा और राज्य को ग्लोबल आइकन इन टूरिज्म के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
Views Today: 6
Total Views: 308

