भाजपा ने जारी किया निर्वाचन कार्यक्रम
दैनिक अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से जारी कयासों पर अब विराम लगने जा रहा है। भाजपा द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम अनुसार 2 जुलाई को मतदान ओर मतगणना उपरांत नया अध्यक्ष निर्वाचित होगा। लेकिन यह तो महज एक निर्वाचन प्रक्रिया भर है जबकि राजनीति गलियारों से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक तो निर्विरोध निर्वाचन होना लगभग तय है। नये भाजपा अध्यक्ष के रूप में बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वैसे तो भाजपा में कुछ भी तय होना दावे के साथ नहीं बोला जा सकता। चूंकि भाजपा पिछले एक दशक से तो अक्सर चौंकाने वाले फैसले ही लेती रही है। लेकिन राजनीतिक सूत्रों की मानें तो हेमंत खंडेलवाल प्रदेश भाजपा के नये खेवनहार बनने जा रहे हैं। वैसे तो लंबे समय से भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर अनेक नामों पर चर्चा होती रही है। पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से लेकर, भगवानदास सबनानी, महिला वर्ग से श्रीमती अर्चना चिटनिस सहित अनेक नाम मीडिया की सुर्खियों में बने रहें हैं। लेकिन वर्तमान में बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, बैतूल हरदा लोकसभा क्षेत्र के सांसद तथा केन्द्रीय राज्यमंत्री डीडी उईके एवं खरगोन लोकसभा क्षेत्र के सांसद आदिवासी नेता गजेन्द्र सिंह पटेल का नाम प्रमुख माना जा रहा है। अंतिम दौर के इन तीन नामों में भी हेमंत खंडेलवाल का नाम इसलिए भी सर्वोपरि माना जा रहा है कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पसंद भी बने हुए हैं। संघ के सुरेश सोनी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की भी पसंद माने जाते हैं तो वहीं केन्द्रीय नेताओं से भी उनके मधुर संबंध है। भाजपा प्रदेश संगठन में कोषाध्यक्ष की भूमिका निभा चुके श्री खंडेलवाल पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह तथा केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के भी करीबी माने जाते हैं। लेकिन इन सब कयासों पर विराम तो तभी लगेगा जब घोषित चुनाव कार्यक्रम अनुसार अंतिम विजेता का नाम घोषित किया जाएगा।
भाजपा कार्यालय द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम अनुसार 2 जुलाई को ही अंतिम मुहर लगने पर ही हमारे कयासों पर विराम लगेगा। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश भाजपा ने संगठन चुनाव के लिए औपचारिक रूप से कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। कल मंगलवार को नामांकन भरे जाएंगे। चुनाव होने पर 2 जुलाई को नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत 379 सदस्य वोटिंग करेंगे।
सांसद प्रतिनिधियों में वीडी शर्मा, शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र कुमार खटीक का नाम है। वहीं विधायक प्रतिनिधियों में सीएम डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल सहित 17 विधायक शामिल हैं।
भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 1 जुलाई को शाम साढ़े 4 बजे से साढ़े 6 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। शाम साढ़े 6 बजे से साढ़े 7 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। साढ़े 7 से 8 बजे तक नामांकन वापस ले सकेंगे। रात साढ़े 8 बजे नामांकन पत्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। अगर जरुरी हुआ तो 2 जुलाई को सुबह 11 से 2 बजे तक मतदान किए जाएंगे। दोपहर 2 बजे मतों की गिनती होगी और चंद समय बाद ही परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।
Views Today: 2
Total Views: 1094

