-फूलों से खेली होली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर हुआ आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। नगर में परमात्मा प्रसाद वाजपेई न्यास के तत्वाधान में भव्य फाग उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों ने परिवार सहित बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह आयोजन द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन स्कूल में संपन्न हुआ, जहां शहर के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों ने फूलों की होली खेली और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विभिन्न खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियो का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विभाग संघ चालक धन्नालाल दोगने ने पंच परिवर्तनों की प्रासंगिकता और उनकी वर्तमान समय में उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता पर बल दिया और बताया कि हमें अपनी सोच, आचरण और कार्यशैली में बदलाव लाकर समाज के विकास में योगदान देना चाहिए। इस उत्सव की सफलता सुनिश्चित करने के लिए संस्कार भारती एवं सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने नगर भर में पंजीयन कर नागरिकों को परिवार सहित इस आयोजन में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया, जिसे नगरवासियों ने सहर्ष स्वीकार किया। इस भव्य आयोजन में टिमरनी से विशेष रूप से आमंत्रित शहनाई वादकों ने अपनी मधुर धुनों से वातावरण को संगीतमय बना दिया। साथ ही, नगर के बाल कवि दुहित गौर की काव्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। गायक कपिल यादव और विक्रांत अग्रवाल ने अपनी मधुर आवाज से माहौल को और भी हर्षोल्लासपूर्ण बना दिया। इसके अलावा, खिरकिया से पधारी जय कुमार की टीम ने भी अपनी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में भारत माता की आरती की गई, जिसमें सभी उपस्थित नागरिकों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इसके बाद सहभोज का आयोजन हुआ, जहां सभी ने परिवार सहित भोजन ग्रहण किया और आपसी स्नेह एवं मेल-जोल को और प्रगाढ़ किया। हरदा जिला कार्यवाह गोविंद सिंह ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से हमारी पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचती है। उन्होंने कहा एक साथ बैठकर भोजन करने और वार्तालाप करने से लोगों में आत्मीयता बढ़ती है। इससे समाज में आपसी सहयोग और सहिष्णुता की भावना मजबूत होती है। इस आयोजन में जिला कुटुंब गतिविधि प्रमुख शिवनारायण गौर सिराली विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कुटुंब व्यवस्था, पारिवारिक एकता और सामूहिक आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डाला। नगर के गणमान्य नागरिकों ने इस भव्य आयोजन की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई। हरदा नगर के इस भव्य फाग उत्सव ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि हमारी सांस्कृतिक विरासत आज भी जीवंत है और लोग इसे पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं।


