जनसुनवाई में जिला अधिकारी स्वयं उपस्थित हों, अपने प्रतिनिधियों को न भेजें  : कलेक्टर  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। प्रत्येक मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में सभी जिला अधिकारी स्वयं उपस्थित रहें, अपने प्रतिनिधियों को न भेजें। यदि अत्यावश्यक कार्य से जाना ही हो कलेक्टर से अनुमति लेकर ही जाएं। यह निर्देश कलेक्टर आदित्य सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती सविता झानिया, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, संजीव नागू व सुश्री रजनी वर्मा सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण समय सीमा में कराने के निर्देश दिए और कहा कि विभागीय गतिविधियों में सभी अधिकारी अपनी रेंकिंग सुधारें। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आशा कार्यकर्ताओं को समय पर मानदेय भुगतान कराने के लिए भी कहा।
पेयजल योजनाओं का कार्य समय सीमा में करें पूर्ण
कलेक्टर श्री सिंह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्र में निर्माणाधीन सभी पेयजल योजनाओं को इस माह के अंत तक पूर्ण करें तथा संबंधित ग्राम पंचायत को चालू स्थिति में हेण्ड ओवर करें। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र की पेयजल योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के हितग्राहियों की ई-केवायसी तथा मोबाइल सीडिंग की कार्यवाही शतप्रतिशत पूर्ण करें। कलेक्टर श्री सिंह ने जिला श्रम अधिकारी को मजदूरों का श्रम पोर्टल के माध्यम से सत्यापन कराने तथा उप संचालक सामाजिक न्याय व जनपद पंचायतों के सीईओ को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों की शतप्रतिशत ई-केवायसी कराने के लिए भी कहा। उन्होने उप संचालक कृषि को जिले की सभी मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला चालू कराने के निर्देश दिए।

Views Today: 2

Total Views: 274

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!