लोकतंत्र की भावना बनाती है भाजपा को सबसे अलग : मुख्यमंत्री

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM


– भाजपा में ही होती है आंतरिक चुनाव से पहले सदस्यता की पारदर्शी प्रक्रिया

अनोखा तीर, भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को हिन्दी भवन में भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के वार्ड 24 के बूथ क्र.111 की संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हम सभी कार्यकर्ता पांच निष्ठाओं के आधार पर सदस्य बनते हैं और सदस्य बनाते भी हैं। इन पंच निष्ठाओं में सबसे महत्वपूर्ण है लोकतंत्र की भावना। भारतीय जनता पार्टी इसे करके दिखाती है। देश में लगभग 1500 और दुनिया में अनेक राजनीतिक दल हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही आंतरिक चुनाव से पहले सदस्यता की प्रक्रिया होती है और इस प्रक्रिया के उपरांत ही बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक चुनाव होते हैं। लोकतंत्र की यह भावना ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है। इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता सभी मतदाताओं को पार्टी का संकल्प लेकर मैदान में उतरें, सभी कार्यकर्ताओं को मैं सदस्यता अभियान के लिए शुभकामनाएं देता हूं। कार्यशाला को सदस्यता अभियान के प्रभारी, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी एवं जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया। कार्यशाला के पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बूथ समिति के सभी सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री निवास पर भोजन किया। आज प्रदेश भर में बूथों की संगठन पर्व कार्यशाला संपन्न हुईं।


भाजपा में सहजता से होता है काम का हस्तांतरण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी ने मुझसे पूछा था कि भाजपा और विरोधी दल की लीडरशिप में क्या अंतर है। मैंने उन्हें बताया कि हमारे विरोधी दल में आज भी पहली या दूसरी पीढ़ी के नेता कामकाज देख रहे हैं और 80 से ऊपर की उम्र में भी नेता बने हुए हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी में नए और युवा कार्यकर्ता को ज्यादा महत्व दिया जाता है। युवाओं को अधिक से अधिक जिम्मेदारी दी जाती है। हमारे यहां पार्टी के नेतृत्व और कामकाज को बड़ी सहजता के साथ एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को हस्तांतरण की व्यवस्था है। इसीलिए आज भारतीय जनता पार्टी में चौथी पीढ़ी के कार्यकर्ता पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं।
भाजपा के मूल में है राष्ट्रवाद का विचार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम राष्ट्रवादी विचारों के लोग हैं। हमारी पंच निष्ठाओं में से पहली निष्ठा राष्ट्रवादी विचारों की है। हम राष्ट्रवाद की केवल बात नहीं करते, बल्कि उसे साकार करके दिखाते हैं। डॉ. यादव ने कहा कि दुर्भाग्य से आजादी के बाद कांग्रेस की केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगा दी, जिससे कश्मीर का झंडा देश से अलग हो गया। वहां का संविधान अलग हो गया। हमारे नेता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी उस समय केंद्र सरकार में मंत्री थे। उन्होंने कहा कि एक देश में दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे। उन्होंने मंत्री पद को छोड़कर धारा 370 के विरोध में आंदोलन किया और जेल में ही उनकी रहस्यमय तरीके से मृत्यु हो गई। डॉ. यादव ने कहा कि हमारे नेता ने भले ही अपनी शहादत दे दी, लेकिन उन्होंने इस बात को स्थापित कर दिया कि जनसंघ हो या भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, वह करके दिखाती है। देश के लिए अगर जान देने की जरूरत है, तो भारतीय जनता पार्टी के लोग पीछे नहीं हटते।

Views Today: 2

Total Views: 164

Leave a Reply

error: Content is protected !!