भोपाल। प्रदेश के होनकार खिलाड़ियों ने विश्व पटल पर प्रदेश का परचम लहराया है। ओलंपिक, एशियन गेम्स, खेला इंडिया यूथ गेम्स, नेशनल गेम्स और पैरालंपिक खेलों में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कई पदक अर्जित किए। सबसे बड़ी उपलब्धि हांगझोऊ एशियन गेम्स रही, जिसमें कुल 45 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और 16 पदक अपने नाम किए। यह प्रदेश के इतिहास में पहली बार रहा कि उक्त गेम्स में इतने पदक जीते। गोवा नेशनल गेम्स में हमारे 416 खिलाड़ियों ने 37 खेलों में हिस्सा लिया। जिसमें 112 पदक जीते जो प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। मप्र पदक तालिका में तीन राज्यों की सूची में शामिल रहा।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 में शामिल हुए 11 हजार खिलाड़ी
2023 वर्ष अपनी शुरुआत के साथ ही मप्र में खेलाे इंडिया यूथ गेम्स की सौगात लेकर आया। उक्त गेम्स में मप्र के 11 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने 27 खेलों में 96 पदक अर्जित किए। जिसमें 39 स्वर्ण, 30 रजत और 27 कांस्य पदक शामिल रहे। मप्र काे इस गेम्स में तीसरा स्थान मिला, जो प्रदेश के खिलाड़ियों को ऐतिहासिक प्रदर्शन रहा। इससे पहले हरियाणा-21 में आठवां, गोवाहाटी-2019 में 12वां, पुणे-2018 खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मप्र को 13वां स्थान मिला था।
अर्जुन अवार्ड के लिए नामित हुए मप्र के खिलाड़ी
वहीं मप्र के खिलाड़ी पुरस्कार पाने से भी पीछे नहीं रहे। खरगौन के निशानेबाज ऐश्ववर्य प्रताप सिंह तोमर, पैरा केना खिलाड़ी प्राची यादव और मप्र महिला हाकी अकादमी की पूर्व खिलाड़ी सुशीला चानू को देश के प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। जबकि द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए मप्र के ग्वालियर के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय हाकी प्रशिक्षक शिवेंद्र सिंह को नामित किया गया।
राज्य की खेल अकादमियों जीते 497 अंतराष्ट्रीय पदक
राज्य की खेल अकादमियों ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर अब तक 497 पदक जीते हैं, जिसमें 158 स्वर्ण, 151 रजत और 183 कांस्य पदक शामिल रहे। जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यहां से प्रशिक्षण हासिल करने वाले खिलाड़ियों ने 4056 पदक अपने नाम किए, जिसमें 1620 स्वर्ण, 1226 रजत और 1210 कांस्य पदक शामिल रहे।
एशियन गेम्स में तीन गुणा बढ़ा प्रदर्शन
इस वर्ष चीन में खेले गए एशियन गेम्स में मप्र के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन को तीन गुणा बढ़ाया। 2018 में जकार्ता एशियन गेम्स में प्रदेश के खिलाड़ियों ने जहां मात्र चार पदक ही जीते थे, वहीं इस वर्ष प्रदेश के खिलाड़ियों ने उक्त खेलों में 16 पदक अपने नाम किए।
टोक्यो पैरालंपिक में दो प्रतिभाओं ने की भागीदारी
इस वर्ष टोक्यो पैरालंपिक-2020 में जबलपुर की निशानेबाजी रूबीना फ्रांसिस और भोपाल में रहने वाली प्राची यादव ने कयाकिंग-केनोइंग खेल में देश का प्रतिनिधित्व किया।वहीं टोक्यो ओलंपिक-2020 में मप्र से दस खिलाड़ी मैदान में उतरे थे, जिसमें मप्र के विवेक सागर प्रसाद ने पुरुष हाकी में 37 वर्ष बाद कांस्य पदक जीता।

