सिंचाई परियोजना के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर विधायक ने उठाई आपत्ति

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा शासकीय सिंचाई परियोजना के शुभारंभ/उद्घाटन कार्यक्रम में नियमों के विरुद्ध गतिविधियों को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री सहित विभाग प्रमुख संबंधित अधिकारियों को पत्र प्रेषित किया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम जयमलपुरा, तहसील खिरकिया, जिला हरदा में गजल मोरंड सिंचाई परियोजना के अंतर्गत पाइपलाइन कार्य के शुभारंभ हेतु 03 मई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में शासकीय नियमों एवं प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जा रहा है। हरदा विधायक डॉ. दोगने ने पत्र में स्पष्ट किया कि यह परियोजना एक शासकीय योजना है, जिसका क्रियान्वयन एवं उद्घाटन शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाना चाहिए। किंतु आमंत्रण पत्र/पोस्टर में पूर्व मंत्री कमल पटेल, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों की प्रमुख भूमिका दर्शाते हुए कार्यक्रम को निजी/राजनीतिक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत एवं अनुचित है। उन्होंने इसे न केवल शासकीय प्रक्रिया का उल्लंघन बताया, बल्कि इससे प्रशासनिक निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न लगने की बात कही। विधायक द्वारा की गई प्रमुख मांगों में उक्त कार्यक्रम की वैधानिकता की जांच कराना, नियम विरुद्ध आयोजित कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से रोकना, संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा भविष्य में शासकीय योजनाओं के शुभारंभ/उद्घाटन केवल शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही किए जाने के निर्देश जारी करना शामिल है।
पूर्व मंत्री कमल पटेल से विधायक के सवाल
इस पूरे मामले को लेकर विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने पूर्व मंत्री व सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल से सीधे सवाल भी खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि यदि वे वास्तव में किसानों के हितैषी हैं, तो कमल पटेल द्वारा हरदा में आयोजित किसान आंदोलन में सम्मिलित होकर किसानों की मांगों का समर्थन क्यों नहीं किया गया। यदि वे सच्चे किसान हितैषी हैं, तो किसानों की समस्त मांगों को पूरा करवाने के लिए उन्होंने क्या ठोस प्रयास किए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हरदा के विकास के लिए जिन शासकीय योजनाओं के कार्य वर्तमान में चल रहे हैं अथवा पूर्ण हो रहे हैं, वे कार्य कमल पटेल अपने कार्यकाल के दौरान क्यों नहीं करवा पाए। उन्होंने यह भी पूछा कि हरदा विधानसभा से 25 साल विधायक रहने एवं चार बार मंत्री पद पर रहने के बावजूद हरदा एवं खिरकिया में ओवरब्रिज, खिरकिया में शासकीय कॉलेज, लॉ कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, गांगला से हंडिया, हंडिया से गुल्लास, नांदरा से गोयत, मोरगड़ी से अंजरुद्ध माल सड़क मार्ग, कुकड़ा पानी डेम व सुल्तानपुर में औद्योगिक क्षेत्र जैसे कार्य क्यों नहीं कराए गए। इसके अलावा भी कई सड़क मार्ग व पुल-पुलिया लंबे समय से स्वीकृत होने के बावजूद अब तक उनका कार्य शुरू क्यों नहीं कराया गया, जबकि केंद्र व प्रदेश में सरकार उनकी है।
———————

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!