आंगनवाड़ी केन्द्रों में अवकाश एवं मानदेय भुगतान को लेकर सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। आज भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के पदाधिकारियों ने डिप्टी कलेक्टर को मानदेय समय पर नहीं मिलने और अत्यधिक गर्मी के कारण आंगनवाड़ी में बच्चों की छुट्टी किए जाने संबंधी ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देते समय भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश धामन्दे, जिला मंत्री प्रबल पवार तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की जिला उपाध्यक्ष शोभा थाटे ने समस्याओं से अवगत कराते हुए निम्न बिंदुओं पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आंगनवाड़ी केन्द्रों को दिनांक 1 मई से 15 मई 2026 तक 15 दिवस के लिए बंद किया जाए। वर्तमान में हरदा जिले में भीषण गर्मी एवं लू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसी स्थिति में 3 से 6 वर्ष के छोटे बच्चों का आंगनवाड़ी केन्द्रों तक आना उनके स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हो सकता है। गर्मी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, लू लगना, बुखार एवं अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कई अभिभावकों द्वारा भी बच्चों को केन्द्र न भेजने को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। ज्ञापन में अनुरोध किया गया कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों में दिनांक 1 मई से 15 मई तक 15 दिवस का अवकाश घोषित किया जाए। इस अवधि में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं घर-घर जाकर पूरक पोषण आहार वितरण एवं गृह भ्रमण का कार्य जारी रख सकती हैं, जिससे बच्चों का पोषण प्रभावित न हो। अंत में जनहित एवं बालहित में शीघ्र उचित आदेश जारी करने की मांग की गई। इस दौरान रिंकू सोनी, रमाकांत नायडू, नीतू मालवीय, शिखा यादव, वंदना पाहुजा, मीना धनगर, शीला सरवरे सहित कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
—————-

6 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!