गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी, मूंग फसल की सिंचाई थमी

अनोखा तीर, मसनगांव। क्षेत्र में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला नजर आया। पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए रहने के बाद रविवार शाम करीब चार बजे बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। वैशाख के महीने में अचानक बदले इस मौसम ने आषाढ़ जैसा एहसास करा दिया। बूंदाबांदी के चलते जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं खेतों में मूंग फसल की चल रही सिंचाई भी प्रभावित हो गई। किसान सिंचाई कार्य रोकने को मजबूर हुए। मौसम के इस बदलाव से किसानों में चिंता भी बढ़ी है, क्योंकि फसल के इस समय अत्यधिक नमी नुकसानदायक हो सकती है। इधर, शाम के समय ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। हालांकि बादलों की आवाजाही बनी रहने से अगले एक-दो दिनों में मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
पिछले साल भी हुई थी बारिश
वैशाख के महीने में शुक्ल पक्ष की तृतीया पर पिछले साल भी बारिश के कारण कई घरों में चल रहे शादी-विवाह के माहौल पर असर पड़ा था। इस साल भी स्थिति फिर से बनने लगी है। अक्षय तृतीया का अबूझ मुहूर्त होने से कई घरों में शादी-ब्याह की तैयारियां चल रही हैं। कुछ स्थानों पर सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन भी किया जा रहा है। ऐसे में खराब मौसम से व्यवस्थाओं में खलल पड़ सकता है, जिसे लेकर आयोजक परिवारों की चिंता बढ़ी हुई है।

0 Views

Leave a Reply