लोकसभा निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करें

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। लोकसभा निर्वाचन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर आदित्य सिंह ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित सभी नोडल अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने दिव्यांग एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के घर जाकर मतदान कराने संबंध में की गई तैयारियों की जानकारी भी ली। उन्होने चुनाव कार्य में लगे सभी अधिकारी कर्मचारियों को कम से कम दो-दो बार प्रशिक्षण देने के लिये भी कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने मतदान दलों को लाने ले जाने के लिए वाहन व्यवस्था की भी बैठक में समीक्षा की। बैठक में उन्होने 12 अप्रैल को होने वाले द्वितीय रेण्डमाइजेशन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शैलेष दुबे को दिये। उन्होने कहा कि मतदाताओं को मतदाता पर्ची समय से पूर्व वितरित कर दी जाए ताकि उन्हें मतदान के दिन परेशानी न हो। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि जिन वाहनों में इवीएम मशीन लाई व ले जाई जाएगी, उन सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाए। जिला पंचायत के सीईओ एवं स्वीप के नोडल अधिकारी सिसोनिया ने बैठक में बताया कि आगामी एक सप्ताह में आदिवासी क्षेत्रों के मतदाताओं और प्रवासी मतदाताओं को मतदान के लिये प्रेरित करने हेतु विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। श्री सिसोनिया ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि सभी निर्माण स्थलों पर मतदाता जागरूकता संबंधी फ्लैक्स लगवाये जाएं। उन्होंने लीड बैंक अधिकारी को सभी बैंक शाखाओं में सेल्फी पाइन्ट लगाने के निर्देश भी दिए। श्री सिसोनिया ने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, मतदान केन्द्र में आने व जाने के लिए अलग-अलग मार्ग तथा धूप से बचाव के लिए शेड लगाने की व्यवस्था की जा रही है।

Views Today: 2

Total Views: 124

Leave a Reply

error: Content is protected !!